स्वाद ही नहीं सेहत का भी खजाना है कटहल, इसे खाने से मिलेगें कई जबरदस्त फायदे
कटहल (Jackfruit) को भारत में बड़े चाव से खाया जाता है। पका हुआ कटहल फल की तरह मीठा और स्वादिष्ट लगता है, जबकि कच्चे कटहल की सब्जी कई लोगों की पसंदीदा डिश होती है। देश के अलग-अलग हिस्सों में इसे अलग-अलग तरीकों से बनाया और खाया जाता है।
लेकिन स्वाद के अलावा कटहल सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। इसमें कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। आइए जानते हैं कटहल खाने के बड़े फायदे।
पाचन को रखता है दुरुस्त
कटहल में अच्छी मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जो पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसे खाने से कब्ज की समस्या कम हो सकती है और बाउल मूवमेंट्स नियमित रहते हैं। गर्मियों में पाचन को हेल्दी रखने के लिए कटहल फायदेमंद माना जाता है।
इम्यूनिटी मजबूत बनाने में मददगार
कटहल में विटामिन-सी भरपूर मात्रा में पाया जाता है। यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद करता है। बदलते मौसम में शरीर को संक्रमण से बचाने के लिए भी यह लाभकारी माना जाता है।
ब्लड शुगर को संतुलित रखने में सहायक
कटहल में मौजूद फाइबर शरीर में शुगर के अवशोषण की प्रक्रिया को धीमा करता है। इससे ब्लड शुगर लेवल अचानक बढ़ने का खतरा कम हो सकता है। हालांकि, डायबिटीज के मरीजों को इसे सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए।
दिल की सेहत के लिए फायदेमंद
कटहल में पोटैशियम पाया जाता है, जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है। इससे दिल पर दबाव कम पड़ता है और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा घट सकता है।
शरीर को मिलते हैं एंटी-ऑक्सीडेंट्स
कटहल में कई तरह के एंटी-ऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं, जो शरीर की कोशिकाओं को नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। यह बढ़ती उम्र के असर को कम करने और शरीर को अंदर से स्वस्थ रखने में सहायक माने जाते हैं।