वाराणसी के SSPG अस्पताल में शुरू हुई मरीजों की शिफ्टिंग, 106 बेड वाले नए भवन का विधायक नीलकंठ तिवारी ने किया शुभारंभ
वाराणसी के श्री शिव प्रसाद गुप्त (SSPG) मंडलीय जिला चिकित्सालय के इतिहास में 3 नवंबर का दिन महत्वपूर्ण रहा। अस्पताल को 500 बेड वाले मल्टी सुपरस्पेशलिटी चिकित्सालय के रूप में विकसित करने की दिशा में मरीजों की पुनर्स्थापना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार को महिला अस्पताल के MCH भवन के तृतीय तल पर 106 बेड की व्यवस्था के साथ मरीजों को शिफ्ट करने का शुभारंभ किया गया।
शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने फीता काटकर इस नई व्यवस्था की शुरुआत की। इसके साथ ही पुराने चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को आवश्यक सुविधाओं और लॉजिस्टिक्स के साथ नए भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इसी महीने लिफ्ट और रैंप का काम पूरा करने के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने निर्माण कार्य से जुड़ी संस्था को मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने इसी महीने के अंत तक भवन में लिफ्ट और रैंप की व्यवस्था पूरी करने को कहा। इसके अलावा MCH भवन के चौथे तल और इमरजेंसी भवन के बचे हुए निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी न हो।
इस मौके पर SSPG अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार, अधीक्षक डॉ. अभिषेक राय, डॉ. मृदुला मलिक, डॉ. सत्येन राय और डॉ. पुष्पा सिंह मौजूद रहे। वहीं MCH अस्पताल के अधीक्षक डॉ. नवल विश्वकर्मा और महिला चिकित्सालय के डॉ. राजेश्वर सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
निर्माण कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता पुष्प राज सिंह, सहायक अभियंता देश दीपक गंगवार और श्वेता रंजन के साथ निर्माणकारी संस्था महालासा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड, गौतमबुद्ध नगर के सांगप्पा समेत बड़ी संख्या में चिकित्सक, चिकित्सा कर्मी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
SSPG अस्पताल को 500 बेड वाले मल्टी सुपरस्पेशलिटी चिकित्सालय के रूप में विकसित करने की इस प्रक्रिया से शहर की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है।