{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ICMR के सर्वे में चौंकाने वाला खुलासा, देश के करीब 66% किशोरों में विटामिन B12 की कमी

 

बच्चों की सेहत के लिए सिर्फ पेट भर खाना ही काफी नहीं है, बल्कि उनकी डाइट में जरूरी पोषक तत्वों का होना भी बेहद जरूरी है। खासकर 10 से 19 साल की उम्र में बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास तेजी से होता है। ऐसे में अगर उन्हें संतुलित आहार नहीं मिलता, तो शरीर में कई जरूरी विटामिन और मिनरल्स की कमी हो सकती है। इसी बीच भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के राष्ट्रीय पोषण संस्थान के SAMPADA सर्वे में किशोरों की सेहत को लेकर चिंताजनक आंकड़े सामने आए हैं।

सर्वे के मुताबिक, देश में 10 से 19 साल की उम्र के करीब दो-तिहाई किशोरों में विटामिन B12 का स्तर तय मानक से कम पाया गया है। इनमें 66.1 फीसदी लड़के और 65.4 फीसदी लड़कियां शामिल हैं। यह सर्वे 2023 से 2025 के बीच देश के 35 राज्यों के 183 जिलों में किया गया था।

विटामिन B12 शरीर के लिए बेहद जरूरी पोषक तत्व है। यह लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण, DNA बनाने और नसों को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाता है। इसकी कमी होने पर बच्चों की शारीरिक सेहत के साथ-साथ उनकी याददाश्त और एकाग्रता भी प्रभावित हो सकती है।

ऐसे में बच्चों की रोजाना की डाइट में विटामिन B12 से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करना जरूरी है। आइए जानते हैं ऐसी 6 चीजों के बारे में, जो बच्चों की डाइट को बेहतर बनाने में मदद कर सकती हैं।

1. रोजाना एक गिलास दूध जरूर दें

बच्चों की डाइट में दूध शामिल करना विटामिन B12 की कमी से बचाव का आसान तरीका है। दूध से शरीर को विटामिन B12 के साथ प्रोटीन और कैल्शियम भी मिलता है, जो हड्डियों और मांसपेशियों के विकास में मदद करता है। अगर बच्चा सादा दूध पीना पसंद नहीं करता, तो उसे शेक या स्मूदी बनाकर भी दे सकते हैं।

2. खाने के साथ दही को बनाएं हिस्सा

दही भी विटामिन B12 का अच्छा स्रोत है। इसे बच्चों के लंच या डिनर में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा दही से रायता, छाछ और लस्सी बनाकर भी बच्चों को दे सकते हैं। इससे उनकी डाइट में पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाने में मदद मिलेगी।

3. पनीर से बनाएं स्वादिष्ट डिश

बच्चों को पनीर खिलाने के लिए आप उनकी पसंद के अनुसार अलग-अलग व्यंजन तैयार कर सकते हैं। पनीर की सब्जी, सैंडविच, पराठा या पनीर रोल अच्छे विकल्प हो सकते हैं। इसमें विटामिन B12 के साथ प्रोटीन और कैल्शियम भी पाया जाता है।

4. अंडे की जर्दी को न करें नजरअंदाज

अगर बच्चा अंडा खाता है, तो उसकी डाइट में अंडे की जर्दी जरूर शामिल करें। इसमें विटामिन B12 पाया जाता है। बच्चों को उबला अंडा, ऑमलेट या अंडे की भुर्जी बनाकर दे सकते हैं। इसे सुबह के नाश्ते में शामिल करना भी अच्छा विकल्प है।

5. मछली और चिकन भी हैं अच्छे विकल्प

नॉनवेज खाने वाले बच्चों के लिए मछली और चिकन विटामिन B12 के अच्छे स्रोत हो सकते हैं। खासकर मछली में इस विटामिन की अच्छी मात्रा पाई जाती है। बच्चों को उनकी पसंद के अनुसार मछली और चिकन के व्यंजन बनाकर खिला सकते हैं।

6. शाकाहारी बच्चों के लिए फोर्टिफाइड फूड

जो बच्चे मांस, मछली और अंडा नहीं खाते, उनके लिए विटामिन B12 से फोर्टिफाइड खाद्य पदार्थ अच्छे विकल्प हो सकते हैं। बाजार में विटामिन B12 मिलाकर तैयार किए गए अनाज और प्लांट बेस्ड मिल्क उपलब्ध हैं। इन्हें खरीदते समय पैकेट पर पोषक तत्वों की जानकारी जरूर पढ़ें। ध्यान रखें कि हर प्लांट बेस्ड मिल्क में विटामिन B12 नहीं होता है।

बच्चों में विटामिन B12 की कमी के लक्षण

विटामिन B12 की कमी होने पर बच्चों में कई तरह के लक्षण दिखाई दे सकते हैं। इन्हें समय रहते पहचानना जरूरी है।

- थकान और कमजोरी: बच्चा बार-बार थका हुआ महसूस कर सकता है। कुछ मामलों में त्वचा पीली भी पड़ सकती है।
- पढ़ाई में ध्यान न लगना: याददाश्त और एकाग्रता प्रभावित हो सकती है। बच्चे को पढ़ाई के दौरान ध्यान लगाने में परेशानी हो सकती है।
- हाथ-पैरों में झनझनाहट: विटामिन B12 की कमी से नसों पर असर पड़ सकता है, जिससे हाथ-पैरों में सुन्नपन या झनझनाहट महसूस हो सकती है।
- जीभ में दर्द और सूजन: कुछ बच्चों की जीभ में दर्द, सूजन या जलन की समस्या भी हो सकती है।

-
कब डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है?

अगर बच्चे में लगातार थकान, कमजोरी, हाथ-पैरों में झनझनाहट या पढ़ाई में ध्यान लगाने जैसी समस्याएं दिखाई दे रही हैं, तो इसे नजरअंदाज न करें। डॉक्टर से सलाह लें और जरूरत पड़ने पर विटामिन B12 की जांच कराएं। बिना चिकित्सकीय सलाह के बच्चों को सप्लीमेंट देना शुरू न करें।

ध्यान रखें: बच्चों के बेहतर विकास के लिए संतुलित और विविधतापूर्ण आहार जरूरी है। केवल कुछ खाद्य पदार्थों को डाइट में शामिल करने से B12 की कमी पूरी होने की गारंटी नहीं होती। कमी की पुष्टि होने पर डॉक्टर की सलाह के अनुसार इलाज कराना चाहिए।