{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बार-बार गैस, कब्ज और एसिडिटी से हैं परेशान? डाइट में शामिल करें ये 4 चीजें, पेट रहेगा दुरुस्त

 

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी, गलत खानपान और बिगड़ी लाइफस्टाइल का असर लोगों की सेहत के साथ-साथ पाचन तंत्र पर भी पड़ रहा है। यही वजह है कि कम उम्र में ही कई लोग गैस, कब्ज, एसिडिटी और अपच जैसी समस्याओं से परेशान रहने लगे हैं। लंबे समय तक इन समस्याओं को नजरअंदाज करना भी ठीक नहीं है।

पेट को स्वस्थ रखने के लिए सिर्फ समय पर खाना ही जरूरी नहीं, बल्कि डाइट में सही चीजों को शामिल करना भी बेहद अहम है। पुणे स्थित इनामदार हॉस्पिटल की इंटरनल मेडिसिन स्पेशलिस्ट डॉ. शालिनी सिंह सालुंखे के मुताबिक, कुछ सामान्य खाद्य पदार्थ पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने और आंतों की सेहत को दुरुस्त रखने में मदद कर सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में।

1. मूंग दाल

मूंग दाल को हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन माना जाता है। इसमें अच्छी मात्रा में प्रोटीन होता है, जो शरीर को पोषण देने के साथ मांसपेशियों के लिए भी फायदेमंद है। दूसरी कई दालों की तुलना में यह पेट पर हल्की पड़ती है। ऐसे में जिन लोगों को भारी भोजन खाने के बाद पेट में परेशानी होती है, वे अपनी डाइट में मूंग दाल शामिल कर सकते हैं।

2. लौकी

लौकी पेट की सेहत के लिए फायदेमंद सब्जियों में गिनी जाती है। इसमें पानी की मात्रा काफी अधिक होती है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है। साथ ही इसमें मौजूद फाइबर पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने और कब्ज की समस्या से राहत दिलाने में सहायक हो सकता है। लौकी की सब्जी या हल्की लौकी की खिचड़ी डाइट का अच्छा विकल्प हो सकती है।

3. केला

केला सिर्फ ऊर्जा देने वाला फल ही नहीं, बल्कि पाचन के लिहाज से भी उपयोगी माना जाता है। इसमें फाइबर और पोटैशियम पाया जाता है। फाइबर आंतों की गतिविधियों को बेहतर रखने में मदद करता है, जबकि पोटैशियम शरीर में इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखने के लिए जरूरी है। इसके नियमित और संतुलित सेवन से पेट की सेहत को फायदा मिल सकता है।

4. ओट्स

अगर आप पाचन तंत्र को स्वस्थ रखना चाहते हैं, तो नाश्ते में ओट्स शामिल कर सकते हैं। इसमें बीटा-ग्लूकन नाम का घुलनशील फाइबर पाया जाता है। यह आंतों में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया के लिए प्रीबायोटिक की तरह काम करता है और उन्हें पोषण देने में मदद करता है। ओट्स का सेवन कब्ज की समस्या को कम करने और पाचन को बेहतर बनाए रखने में भी सहायक हो सकता है।

पेट को स्वस्थ रखने के लिए इन बातों का भी रखें ध्यान

पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने के लिए सिर्फ खानपान ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आदतों में सुधार करना भी जरूरी है। पर्याप्त पानी पिएं, भोजन समय पर करें, खाने को अच्छी तरह चबाएं और रोजाना कुछ समय शारीरिक गतिविधियों के लिए निकालें। बहुत ज्यादा तला-भुना और मसालेदार भोजन खाने से भी बचें।

ध्यान दें: हर व्यक्ति का पाचन तंत्र अलग होता है। किसी खाद्य पदार्थ से परेशानी बढ़ती है, तो उसके सेवन से बचें। लगातार गैस, कब्ज, एसिडिटी या पेट दर्द की समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह जरूर लें।