{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सर्दियों की सुबह क्यों बढ़ जाता है हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा?  इन लोगों को बरतनी चाहिए खास सावधानी

सर्दियों में सुबह के समय हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा क्यों बढ़ जाता है? डॉक्टर के मुताबिक, ठंड में नसें सिकुड़ने, ब्लड प्रेशर बढ़ने और खून में थक्का बनने की आशंका से जोखिम बढ़ सकता है। जानें किन लोगों को ज्यादा सावधान रहना चाहिए और क्या जरूरी सावधानियां बरतें।

 

Winter Heart Attack Risk: सर्दियों में सुबह की ठंड सिर्फ सर्दी-जुकाम ही नहीं, बल्कि दिल और दिमाग की सेहत के लिए भी परेशानी बढ़ा सकती है। इस मौसम में हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा बढ़ने की आशंका रहती है, खासकर उन लोगों में जो पहले से हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज या दिल की बीमारी से जूझ रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, ठंड के कारण शरीर में होने वाले बदलाव रक्तचाप बढ़ा सकते हैं और दिल व दिमाग तक खून पहुंचाने वाली नसों पर दबाव डाल सकते हैं। ऐसे में सुबह के समय खास सावधानी बरतना जरूरी है।

सर्दियों की सुबह में क्यों बढ़ जाता है हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा?

दिल्ली स्थित अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजी विभाग के सीनियर कंसल्टेंट डॉक्टर अंकेश अग्रवाल के मुताबिक, ठंड के मौसम में शरीर की रक्त वाहिकाएं सिकुड़ने लगती हैं। इससे ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। साथ ही, इस दौरान खून में थक्का बनने की आशंका भी बढ़ जाती है, जिससे हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का जोखिम बढ़ सकता है।

सुबह के समय शरीर में होने वाले प्राकृतिक बदलाव भी इस जोखिम को बढ़ा सकते हैं। इस दौरान ब्लड प्रेशर और दिल की धड़कन में बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे हृदय और मस्तिष्क तक रक्त पहुंचाने वाली नसों पर दबाव पड़ता है। ठंड के असर और सुबह के इन बदलावों के कारण हार्ट और बीपी से जुड़ी समस्याओं वाले लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है।

किन लोगों को सर्दियों में ज्यादा सतर्क रहना चाहिए?

जिन लोगों को पहले से हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, हाई कोलेस्ट्रॉल या दिल से जुड़ी बीमारी है, उन्हें सर्दियों में अपनी सेहत का खास ध्यान रखना चाहिए। इसके अलावा बुजुर्गों और मोटापे से पीड़ित लोगों को भी ठंड के मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

सुबह की ठंड में अचानक बाहर निकलने से बचें

सर्दियों में सुबह उठते ही अचानक ठंड के संपर्क में आने से बचना चाहिए। बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें और एक्सरसाइज की शुरुआत हल्की गतिविधियों से करें। ठंड के दौरान शरीर को अचानक तापमान में बदलाव से बचाना जरूरी है।

नियमित जांच कराएं, लक्षणों को न करें नजरअंदाज

हार्ट और बीपी के मरीजों को नियमित रूप से ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच कराते रहना चाहिए। सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, शरीर के एक तरफ अचानक कमजोरी या बोलने में दिक्कत जैसे लक्षण दिखाई दें तो उन्हें नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचना जरूरी है, क्योंकि समय पर इलाज मिलने से जान बचाई जा सकती है।

Disclaimer: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह के फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने, डाइट में बदलाव करने या किसी बीमारी से संबंधित उपाय अपनाने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें। BGT किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।