{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बिहार के कटिहार में बड़ा सड़क हादसा: बस-पिकअप टक्कर में 10 की मौत, 30 से ज्यादा घायल

 

कटिहार: बिहार के कटिहार जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कोढ़ा थाना क्षेत्र के NH-31 पर फुलवरिया और बसगढ़ा के बीच एक तेज रफ्तार बस और यात्रियों से भरी पिकअप के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

कटिहार पुलिस के अनुसार, यह हादसा कोरहा थाना क्षेत्र के गेराबाड़ी के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों में करीब 20 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल रेफर किया गया है। मृतकों में महिलाएं और एक मासूम बच्ची भी शामिल हैं, जिससे हादसे की भयावहता और बढ़ गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार सभी लोग पूर्णिया जिले के धमदाहा क्षेत्र के रहने वाले थे और मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस से उनकी सीधी टक्कर हो गई।

इस हादसे के दौरान एक और दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक बाइक सवार सदानंद हसदा भी बस की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने बेटे के लिए लड़की देखने मरवा गांव गए थे और लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।

बाइक पर सवार प्रमिला देवी और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।