छठ पर घर लौट रहे लोगों की यात्रा बनी आखिरी सफर, नेपाल में 700 मीटर गहरी खाई में गिरी वैन, 10 की मौत
लोक आस्था के महापर्व छठ पर अपने घर और परिवार के बीच पहुंचने की उम्मीद लेकर निकले लोगों की खुशियां एक दर्दनाक हादसे में मातम में बदल गईं। नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब काठमांडू से सर्लाही जा रही एक इलेक्ट्रिक वैन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 700 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
यह दुर्घटना भीमफेदी गांवपालिका-6 स्थित चिसापानीगढ़ी के पास हुई। मृतकों में तीन महिलाएं, दो बच्चियां और पांच पुरुष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले ज्यादातर लोग सर्लाही जिले के रहने वाले थे। हालांकि, घटना के बाद काफी देर तक मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई थी।
सुबह 6:10 बजे खाई में गिरी इलेक्ट्रिक वैन
मिली जानकारी के मुताबिक, मधेस प्रदेश 03-001 ज 0880 नंबर की इलेक्ट्रिक वैन गुरुवार सुबह करीब 6:10 बजे काठमांडू से सर्लाही की ओर जा रही थी। इसी दौरान चिसापानीगढ़ी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वैन सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार 10 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर जिला पुलिस कार्यालय मकवानपुर के पुलिस अधीक्षक श्याम खत्री समेत नेपाल पुलिस और अन्य सुरक्षाकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
तीन घायलों की हालत गंभीर, अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल खाई में उतरा और घायलों को बाहर निकालने का अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद तीन घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए हेटौंडा अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को भी खाई से निकालकर हेटौंडा लाया जा रहा है। पुलिस और बचाव दल की ओर से घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई की गई।
भीमफेदी पुलिस चौकी से 8 किलोमीटर दूर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनास्थल इलाका प्रहरी कार्यालय भीमफेदी से करीब आठ किलोमीटर उत्तर में स्थित है। फिलहाल नेपाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वाहन अनियंत्रित होने के बाद खाई में गिरा, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
छठ पर्व को लेकर इन दिनों नेपाल के काठमांडू समेत दूसरे शहरों से बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। ऐसे में इस दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। जिन घरों में छठ की तैयारियां और अपनों के स्वागत का इंतजार हो रहा था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।