अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस हिमाचल में पलटी, 17 घायल, 4 की हालत गंभीर
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में रविवार देर रात अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की एक टूरिस्ट बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (एनएच-44) पर डमटाल थाना क्षेत्र में बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में 17 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि चार यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी हॉलीडेज की यह बस जम्मू-कश्मीर के कटड़ा से उत्तराखंड के देहरादून जा रही थी। बस में कुल 57 यात्री सवार थे। डमटाल क्षेत्र में पहुंचने पर चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के आने से पहले ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को बस से सुरक्षित निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर रूप से घायल चार श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, टांडा रेफर किया गया है। प्रशासन के अनुसार, अन्य घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है और अधिकांश की स्थिति खतरे से बाहर है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय अर्नी विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. विवेक सिंह भी उसी मार्ग से गुजर रहे थे। उन्होंने अपना वाहन रुकवाकर सहयोगियों के साथ राहत कार्य में हिस्सा लिया। उनके निर्देश पर विश्वविद्यालय की एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी मौके पर पहुंची और पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहायता की।
हादसे के बाद बस का चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी खराबी, चालक की लापरवाही या अन्य किसी कारण की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
डमटाल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बस की तकनीकी स्थिति और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। राज्य सरकार ने हादसे पर दुख जताते हुए घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।