आंध्र प्रदेश में पटाखा फैक्टरी में भीषण धमाका, 18 की मौत; कई घायल, जांच के आदेश
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में एक पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण धमाके में 18 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
राज्य की गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने बताया कि धमाके में 18 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें छह की हालत नाजुक बनी हुई है।
वहीं, मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर उन्होंने लिखा कि काकीनाडा जिले के वेतलापलेम गांव में पटाखा निर्माण इकाई में हुआ विस्फोट बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली है और पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, धमाके के समय फैक्टरी में करीब 20 लोग काम कर रहे थे। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। सरकार राहत और बचाव कार्यों पर लगातार नजर बनाए हुए है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।