{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कर्नाटक में दर्दनाक हादसा, नदी में डूबने से एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत

 
कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। कारवार क्षेत्र की तत्थेहकालु नदी में सीपियां इकट्ठा करने गए एक ही परिवार के कई लोग तेज बहाव में बह गए। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य नदी किनारे सीपियां इकट्ठा कर रहे थे। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव की चपेट में लोग आ गए।

बताया जा रहा है कि मृतकों में 7 महिलाएं शामिल हैं और सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचकर लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख

इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

 



मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने किया मुआवजे का ऐलान

Siddaramaiah ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को राज्य सरकार की ओर से 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है।

प्रशासन ने लोगों से नदी और जलाशयों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर बारिश और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सतर्क रहने को कहा गया है।