{"vars":{"id": "130921:5012"}}

75 साल के दूल्हे को लगा झटका! 30 साल की रानी बोली- पति लौट आए हैं, अब शादी नहीं करूंगी
 

 

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में 75 वर्षीय रामसुग्गर और 30 वर्षीय इंस्टाग्राम ब्लॉगर रानी की शादी को लेकर चल रही चर्चाओं में नया मोड़ आ गया है। सगाई और शादी की तैयारियों की खबरों के बीच रानी ने अचानक अपना फैसला बदल दिया है। अब उन्होंने रामसुग्गर से शादी करने से इनकार करते हुए अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई है। उनका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें वह अपने पति के वापस लौटने की बात कहती नजर आ रही हैं।

जानकारी के अनुसार, औरैया जिले के सहार ब्लॉक स्थित अरियारी गांव निवासी 75 वर्षीय रामसुग्गर और सदर कोतवाली क्षेत्र के दयालपुर की रहने वाली 30 वर्षीय रानी के बीच पिछले करीब दो वर्षों से नजदीकियां थीं। बताया जा रहा है कि रानी का रामसुग्गर के घर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच संबंध गहरे होने की चर्चा शुरू हुई और मामला शादी तक पहुंच गया।

एक सप्ताह पहले सगाई की आई थी खबर

करीब एक सप्ताह पहले रामसुग्गर और रानी की सगाई होने की खबर सामने आई थी। दोनों की तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद यह अनोखी प्रेम कहानी चर्चा का विषय बन गई थी। उम्र में 45 साल के अंतर के कारण भी लोग इस रिश्ते को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे थे।

पति के लौटते ही रानी ने बदला फैसला

इस बीच इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक नए वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया। वीडियो में रानी यह कहती नजर आ रही हैं कि उनके पति वापस लौट आए हैं। ऐसे में वह अब किसी दूसरे व्यक्ति से शादी नहीं करना चाहतीं और अपने पति के साथ ही जीवन बिताना चाहती हैं।

रानी के इस कथित बयान के बाद रामसुग्गर के साथ उनकी प्रस्तावित शादी को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगता दिखाई दे रहा है।

क्या सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए था पूरा घटनाक्रम?

इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और इंटरनेट मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या शादी और सगाई की चर्चाएं सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए थीं। हालांकि, इन अटकलों की कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

बताया जाता है कि रानी की बेटी राधा भी यूट्यूब पर सक्रिय हैं। फिलहाल रानी के अचानक बदले फैसले और पति के वापस लौटने के दावे ने इस पूरे मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।