कारगिल चेक पोस्ट पर सुरक्षा बलों से बहस करने वाली युवती ने मांगी माफी, बोली- ‘फ्रस्टेशन में जो कहा, सही नहीं था’
New Delhi : लद्दाख के मीनामर्ग चेक पोस्ट पर सुरक्षा बलों के साथ तीखी बहस का वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आई 25 वर्षीय युवती ने अब भारतीय सेना और पुलिस से माफी मांगी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवती सुरक्षा बलों द्वारा वाहनों को रोके जाने से नाराज नजर आ रही थी।
वीडियो वायरल होने के बाद युवती की टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। पूर्व सैन्य अधिकारियों ने भी सुरक्षा बलों के खिलाफ की गई टिप्पणियों की आलोचना की थी।
‘फ्रस्टेशन में जो कहा, वह सही नहीं था’
युवती ने बाद में एक वीडियो जारी कर कहा कि करीब 6 घंटे तक सड़क पर फंसे रहने के कारण वह काफी परेशान और गुस्से में थी। इसी फ्रस्टेशन में उसने जो बातें कहीं, वे सही नहीं थीं।
उसने बताया कि वह मौके पर मौजूद अधिकारी से माफी मांग चुकी है। साथ ही भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और लद्दाख पुलिस से भी हाथ जोड़कर माफी मांगी।
‘हम Gen-Z हैं, बर्दाश्त नहीं करेंगे’ बयान हुआ वायरल
वायरल वीडियो में युवती को सुरक्षा बलों से बहस करते और अन्य पर्यटकों से भी विरोध में शामिल होने की अपील करते देखा गया था। उसने कहा था कि वे लोग घंटों से वहां फंसे हैं और पैसे देकर घूमने आए हैं।
वीडियो में युवती ने ‘हम Gen-Z हैं, यह बर्दाश्त नहीं करेंगे’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। उसके इस बयान पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी प्रतिक्रिया दी थी।
उमर अब्दुल्ला ने भी किया था कटाक्ष
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि ‘हम Gen-Z हैं’ कहना अब ‘जानते नहीं हो मेरे पिता कौन हैं’ जैसे नए रवैये की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा था कि Gen-Z की बनी हुई अच्छी छवि को खराब करने का सबसे तेज तरीका यही है कि छोटी सी परेशानी होने पर उसे धमकी की तरह इस्तेमाल किया जाए।
वीडियो वायरल होने के बाद मांगी माफी
विवाद बढ़ने और सोशल मीडिया पर आलोचना के बाद युवती ने अपने व्यवहार पर खेद जताया। उसने कहा कि उसका मकसद सेना या सुरक्षा बलों का अपमान करना नहीं था और वह गुस्से में अपनी भावनाओं पर नियंत्रण नहीं रख सकी।
उसकी माफी के बाद अब यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।