{"vars":{"id": "130921:5012"}}

राहुल गांधी के धरने पर संजय सिंह का तंज, बोले- CJP आंदोलन कमजोर करने के लिए पीएम आवास पर बैठाया धरना

 

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि CJP के धरने को कमजोर करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी को अपने आवास के बाहर धरने पर बैठा दिया।

इससे पहले संजय सिंह ने विपक्षी सांसदों के साथ संसद परिसर में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संसद भवन सभी जनप्रतिनिधियों का है, केवल भारतीय जनता पार्टी का नहीं। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में विपक्ष की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

मीडिया से बातचीत में संजय सिंह ने दिल्ली में छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ बर्बरता की गई और सरकार उनकी आवाज सुनने को तैयार नहीं है। साथ ही उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के लंबे अनशन का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने उनसे भी बातचीत नहीं की।

संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को छात्रों और युवाओं की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उनका कहना था कि लोकतंत्र में प्रदर्शन कर रहे लोगों की चिंताओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

राजनीतिक बयानबाजी तेज

संजय सिंह के बयान के बाद छात्र आंदोलन और पेपर लीक के मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है। AAP ने राहुल गांधी के धरने के समय और उद्देश्य पर सवाल उठाए हैं, जबकि कांग्रेस केंद्र सरकार पर छात्रों की समस्याओं और पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों की अनदेखी करने का आरोप लगा रही है।

राहुल गांधी ने छात्रों के मुद्दे पर दिया था धरना

राहुल गांधी ने कथित पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना दिया था। कांग्रेस का कहना है कि सरकार को छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों पर जवाब देना चाहिए और इस विषय पर संसद में विस्तृत चर्चा करानी चाहिए। पार्टी ने पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।