सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हमला, शर्ट फटी; बोले- डराने की कोशिश नहीं होगी कामयाब
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद अभिषेक बनर्जी को शनिवार को पश्चिम बंगाल के सोनारपुर दौरे के दौरान स्थानीय लोगों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा उनके साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने की भी खबर है। घटना उस समय हुई जब अभिषेक चुनाव बाद हिंसा के कथित पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे।
घटना के बाद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला भाजपा द्वारा प्रायोजित है। उन्होंने कहा, "देखिए इन्होंने क्या किया है। यही इनकी लोकतंत्र की मिसाल है। अभी एक महीना भी नहीं हुआ है और पुलिस कहीं नजर नहीं आ रही है।"
टीएमसी सांसद ने आगे कहा, "वे मुझे मारना चाहते थे। पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। हम इस मामले की जानकारी निश्चित रूप से हाईकोर्ट को देंगे। राज्यपाल को भी इससे अवगत कराया जाएगा। मैं इस मामले को लेकर अदालत का दरवाजा जरूर खटखटाऊंगा।"
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 25 दिन बाद यह अभिषेक बनर्जी का पहला सार्वजनिक कार्यक्रम था। वह सोनारपुर नगरपालिका के वार्ड संख्या-9 स्थित विवेकानंदनगर इलाके में चुनाव बाद हिंसा के कथित पीड़ित संजू कर्मकार के परिवार से मिलने पहुंचे थे। उनके इस दौरे की घोषणा शुक्रवार रात को की गई थी।
बताया जा रहा है कि बनर्जी जैसे ही अपनी गाड़ी से बाहर निकले, वहां मौजूद लोगों ने 'चोर-चोर' के नारे लगाने शुरू कर दिए। विरोध कर रहे लोगों में शामिल एक स्थानीय महिला ने कहा, "वह यहां क्यों आए हैं? शायद पैसे लेने आए हैं। जब डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना हुई थी, तब वह पानीहाटी क्यों नहीं गए थे?"
स्थिति तनावपूर्ण होने पर अभिषेक बनर्जी अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ संजू कर्मकार के घर के अंदर पहुंचे। भीड़ के आक्रामक रवैये को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पुलिस का हेलमेट पहनाकर सुरक्षित घर के भीतर पहुंचाया। इस दौरान धक्का-मुक्की में उनकी शर्ट भी फट गई।
घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है। टीएमसी ने इसे विपक्ष की साजिश बताया है, जबकि विरोध कर रहे लोगों ने अपनी नाराजगी को जनभावना का प्रदर्शन बताया है।