जंतर-मंतर से संसद मार्च के बाद CJP नेता अभिजीत दीपके ने किससे मांगा माफी? बोले- 'मुझे माफ कर दो...
नई दिल्ली। जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के बाद CJP के नेता अभिजीत दीपके ने समर्थकों, विशेषकर घायल छात्राओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा के लिए उनकी ओर से और बेहतर प्रयास किए जा सकते थे।
मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए पोस्ट में दीपके ने लिखा कि प्रदर्शन के दौरान घायल हुए सभी समर्थकों, खासकर छात्राओं से वह माफी मांगते हैं। उन्होंने कहा, "हम इससे बेहतर कर सकते थे। मैं आपको दिल्ली पुलिस की अमानवीय कार्रवाई से बचाने के लिए और बेहतर प्रयास कर सकता था।"
केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री पर लगाए आरोप
अभिजीत दीपके ने अपने पोस्ट में केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार संवेदनशील नहीं रही और शिक्षा मंत्री को बचाने के लिए छात्रों पर बल प्रयोग किया गया। दीपके ने दावा किया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
घायलों से मांगी जानकारी
दीपके ने प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों और समर्थकों से सीधे संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो भी इस दौरान घायल हुआ है, वह उन्हें निजी संदेश भेजे ताकि वे उनसे मुलाकात कर सकें और उनकी स्थिति जान सकें।
प्रदर्शन के दौरान क्या हुआ था?
बीते सोमवार को जंतर-मंतर पर धरने के बाद प्रदर्शनकारी संसद की ओर मार्च के लिए निकले थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज भी किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस कार्रवाई में कई छात्र-छात्राएं घायल हुए, जबकि दिल्ली पुलिस का कहना है कि झड़प के दौरान 118 पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है और प्रदर्शनकारी अपने आंदोलन को आगे भी जारी रखने की बात कह रहे हैं।