{"vars":{"id": "130921:5012"}}

महिला आरक्षण बिल पर अखिलेश यादव ने बीजेपी को घेरा, बोले - नारी को नारा मत बनाओ

 

New Delhi : अखिलेश यादव ने संसद में महिला आरक्षण बिल पेश होने के बाद भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बिल का समर्थन करते हुए भाजपा की मंशा पर सवाल उठाए।

नारी को नारा मत बनाओ

अखिलेश यादव ने कहा कि हम महिला आरक्षण बिल के साथ हैं, लेकिन भाजपा की नीयत पर शक है। नारी को नारा मत बनाओ, पहले अपने संगठन में देखो कि महिलाओं को कितना सम्मान मिला है और कितने राज्यों में महिला मुख्यमंत्री बनाई गई हैं।

उन्होंने कहा कि “जब समर्थक कम पड़ गए तो बिल ले आए। मेरठ में महिलाएं सड़क पर इंसाफ मांग रही हैं, वहां जाकर इस बिल की बात कीजिए।”

PDA और ‘आधी आबादी’ पर जोर

सपा प्रमुख ने अपने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें ‘A’ यानी आधी आबादी (महिलाएं) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी “जेंडर जस्टिस” के पक्ष में है, न कि सिर्फ दिखावे की राजनीति में।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के मुद्दे उठा रही है। उन्होंने NRC और वोटर लिस्ट से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले भी ऐसे कदमों से मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की गई।

यूपी की राजनीति में बढ़ेगा असर

यूपी की 80 लोकसभा सीटों के मद्देनजर महिला वोटर को अहम माना जा रहा है। ऐसे में अखिलेश यादव का यह बयान आगामी राजनीतिक समीकरणों में बड़ा असर डाल सकता है।

साफ है कि महिला आरक्षण बिल पर समर्थन के बावजूद सियासी घमासान तेज हो गया है और आने वाले दिनों में संसद के अंदर और बाहर इस मुद्दे पर तीखी बहस देखने को मिल सकती है।