{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला: भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता और संविधान को मिटाने का षड्यंत्र चल रहा

 
लखनऊ I समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी की केंद्र व राज्य सरकारों पर सोमवार को तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार, बेइमानी और लूट अपने चरम पर पहुंच चुकी है।
जारी बयान में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा और उसकी सरकारें हर प्रकार के भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रही हैं। संविधान और कानून का शासन पूरी तरह खत्म हो चुका है। भाजपा की नीयत में खोट है और वह लोकतंत्र को बंधक बनाकर शासन करना चाहती है।
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सत्ता व शासन तंत्र का खुलेआम दुरुपयोग कर रही है। पैसे बांटकर चुनाव लड़ती है और खुलेआम सांप्रदायिकता फैलाने वाली भाषणबाजी करती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में फर्जी मुठभेड़ें हो रही हैं और कई मामलों में पुलिसकर्मियों पर मुकदमे भी दर्ज हो चुके हैं।
अखिलेश ने आगे कहा कि प्रदेश में जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं, अवैध खनन और जंगलों की अंधाधुंध कटाई जारी है। पुलिस हिरासत में संदिग्ध मौतें हो रही हैं। भाजपा संविधान को मिटाने का षड्यंत्र रच रही है और झूठे दावों का बेशर्मी से प्रचार कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आरक्षण को खत्म करने की चालबाजी कर रही है और भर्तियां व नौकरियां खत्म करने की साजिश रच रही है।