अखिलेश यादव का BJP पर बड़ा हमला, बोले- 'जो चढ़ावा चोरी कर सकते हैं, वो वोट भी चोरी कर सकते हैं'
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को आयोजित 'विजन इंडिया' कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, कानून-व्यवस्था और मौजूदा सरकार को लेकर कई बड़े बयान दिए। उन्होंने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि "जो चढ़ावा चोरी कर सकते हैं, वह हमारा वोट भी चोरी कर सकते हैं। इसलिए जनता को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है।"
शिक्षा और रोजगार को बताया प्राथमिकता
अखिलेश यादव ने कहा कि कार्यक्रम में प्रदेश की बदहाल शिक्षा व्यवस्था, लगातार हो रहे पेपर लीक, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में शिक्षा व्यवस्था कमजोर हुई है और लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
उन्होंने वादा किया कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो नई शिक्षा नीति में बदलाव किया जाएगा। कक्षा 1 से 12वीं तक सभी बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जाएगी, जबकि केजी से पीजी तक बालिकाओं की पढ़ाई पूरी तरह मुफ्त होगी। साथ ही समान शिक्षा व्यवस्था, एक समान पाठ्यक्रम और निजी क्षेत्र में आरक्षण लागू करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
'बीजेपी की नजर नेशन पर नहीं, डोनेशन पर'
राम मंदिर चंदा विवाद का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी की नजर 'नेशन' पर नहीं बल्कि 'डोनेशन' पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि चढ़ावे में कथित गड़बड़ी हुई है तो जिम्मेदार लोगों को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि "बीजेपी के शब्दकोश में धर्म और शर्म जैसी कोई चीज नहीं बची है।"
कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कानून व्यवस्था मजबूत होती तो इतनी बड़ी घटनाएं नहीं होतीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के तार सत्ता के शीर्ष स्तर तक जुड़े हुए हैं।
वन नेशन-वन इलेक्शन पर भी साधा निशाना
'वन नेशन-वन इलेक्शन' के मुद्दे पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ऐसी व्यवस्था लाना चाहती है जिससे चुनाव की प्रक्रिया प्रभावित हो। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बीजेपी की रणनीति को समझ चुकी है और आने वाले चुनावों में उसका जवाब देगी।
पत्रकारों और किसानों के लिए किए वादे
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पत्रकारों के लिए कैशलेस इलाज की व्यवस्था की जाएगी और उन्हें सुरक्षा व सम्मान दिया जाएगा। साथ ही किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का भी आश्वासन दिया।
उन्होंने प्रयागराज के शंकरगढ़ क्षेत्र के लखनपुर गांव में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भी वादा किया और कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान समाजवादी सरकार की प्राथमिकता होगी।
अपने संबोधन के अंत में अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश की बड़ी आबादी मौजूदा सरकार से नाराज है और आने वाले समय में जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।