{"vars":{"id": "130921:5012"}}

दारू चालू होना चाहिए...अनंत सिंह उठाएंगे बिहार में शराबंदी खत्म करने की मांग, बोले- सम्राट चौधरी से करूंगा बात

 
पटना। बिहार की राजनीति में सत्ता परिवर्तन के साथ ही अब शराबबंदी कानून को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने राज्य में शराबबंदी खत्म करने की मांग उठाएंगे।

मोकामा से विधायक अनंत सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि बिहार में शराब फिर से चालू होनी चाहिए। उन्होंने तर्क देते हुए कहा कि मौजूदा समय में ‘सूखा नशा’ तेजी से बढ़ रहा है, जो समाज के लिए ज्यादा खतरनाक साबित हो रहा है।

 दारू चालू होना चाहिए– अनंत सिंह

मीडिया से बातचीत में जब उनसे पूछा गया कि क्या बिहार में शराबबंदी खत्म होनी चाहिए, तो उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया, दारू चालू होना चाहिए... नशा-पानी बहुत खराब हो गया है।”

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इस मुद्दे पर वे जल्द ही नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे सम्राट चौधरी से बातचीत करेंगे।

सम्राट चौधरी संभालेंगे बिहार की कमान

बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव करते हुए सम्राट चौधरी को एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया है। वे 15 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

इस मौके पर अनंत सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे राज्य के विकास के लिए बेहतर काम करेंगे।

फिर गरमाई शराबबंदी की बहस

बिहार में वर्षों से लागू शराबबंदी कानून को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। अब सत्ता परिवर्तन के साथ इस मुद्दे पर एक बार फिर सियासी बहस तेज हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में यह मुद्दा राज्य की राजनीति में अहम भूमिका निभा सकता है।