न्यायाधीशों की नियुक्ति में पक्षपात का आरोप, पूर्व CJI गवई ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र
नई दिल्ली। भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) बीआर गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम की कार्यप्रणाली और न्यायाधीशों की नियुक्तियों में सामाजिक प्रतिनिधित्व को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि कॉलेजियम की हालिया सिफारिशों में एक विशेष समुदाय को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि अन्य वर्गों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है।
पूर्व मुख्य न्यायाधीश ने राष्ट्रपति से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। पत्र की प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी भेजी गई है।
न्यायिक नियुक्तियों में सामाजिक प्रतिनिधित्व की अनदेखी का आरोप
न्यायमूर्ति गवई ने 27 नवंबर को लिखे पत्र में आरोप लगाया कि न्यायाधीशों की नियुक्ति संबंधी हालिया सिफारिशों में योग्यता, विविधता और समावेशिता के सिद्धांतों की अनदेखी की जा रही है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और अन्य अगड़े समुदायों के योग्य उम्मीदवारों को पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं।
संसद के आंकड़ों का दिया हवाला
पूर्व सीजेआई ने मार्च 2025 में राज्यसभा में केंद्रीय कानून मंत्री द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों का उल्लेख किया। इसके अनुसार, वर्ष 2018 से उच्च न्यायालयों में नियुक्त 715 न्यायाधीशों में अनुसूचित जाति के 22, अनुसूचित जनजाति के 16, अन्य पिछड़ा वर्ग के 89 और अल्पसंख्यक समुदायों के 37 न्यायाधीश शामिल थे। करीब तीन चौथाई न्यायाधीश सामान्य वर्ग से थे।
गवई के अनुसार, जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच करीब 80 प्रतिशत नियुक्तियां अगड़े समुदायों से हुईं, जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग की हिस्सेदारी 14 प्रतिशत से भी कम रही।
एक समुदाय को प्राथमिकता देने का आरोप
पूर्व मुख्य न्यायाधीश ने दावा किया कि देश की कुल आबादी में पांच प्रतिशत से भी कम हिस्सेदारी रखने वाले एक समुदाय का सुप्रीम कोर्ट में प्रतिनिधित्व 40 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने इस असंतुलन पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए न्यायिक नियुक्तियों में सभी वर्गों को उचित अवसर देने की आवश्यकता बताई।
न्यायाधीशों के तबादलों पर भी उठाए सवाल
गवई ने उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति और स्थानांतरण की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे उच्च न्यायालयों में भेजे गए मुख्य न्यायाधीशों के नाम अब प्रमुख उच्च न्यायालयों के लिए प्रस्तावित किए जा रहे हैं, जबकि उनके लिए जगह बनाने के उद्देश्य से योग्य मुख्य न्यायाधीशों का स्थानांतरण किया गया।
स्वीकार की अपनी भी जिम्मेदारी
पूर्व सीजेआई ने स्वीकार किया कि संबंधित कुछ फैसलों के दौरान वह स्वयं भी कॉलेजियम के सदस्य थे। उन्होंने कहा कि इस स्थिति के लिए कॉलेजियम के सदस्यों की सामूहिक जिम्मेदारी है। हालांकि, न्यायिक प्रक्रिया और संस्थागत मर्यादा का हवाला देते हुए उन्होंने इसके पीछे के कारणों का विस्तृत खुलासा नहीं किया।
कॉलेजियम की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर
गवई ने संविधान के अनुच्छेद 124(2) का उल्लेख करते हुए कहा कि न्यायाधीशों की नियुक्ति में कॉलेजियम की सिफारिशों को प्राथमिकता मिलने का अर्थ यह नहीं है कि वह जवाबदेही से मुक्त है। उन्होंने राष्ट्रपति से उच्च न्यायपालिका में सामाजिक विविधता, निष्पक्षता और संवैधानिक मूल्यों को सुनिश्चित करने के लिए उचित हस्तक्षेप की मांग की है।