ममता बनर्जी को एक और बड़ा झटका, TMC राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक ने दिया इस्तीफा
नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस (TMC) को एक और बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक ने उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उनका यह कदम हाल के दिनों में पार्टी से हो रहे लगातार इस्तीफों की कड़ी में एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
इससे पहले वरिष्ठ नेता सुखेंदु शेखर रॉय और सुष्मिता देव के इस्तीफे भी सामने आ चुके हैं। लगातार हो रहे इन इस्तीफों के बाद राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस की संख्या घटकर 10 के आसपास पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह में टीएमसी के कम से कम तीन और राज्यसभा सांसद भी इस्तीफा दे सकते हैं, जिससे पार्टी के भीतर राजनीतिक अस्थिरता और गहराने की आशंका है। इस घटनाक्रम का सीधा असर संसद में पार्टी की ताकत पर पड़ रहा है।
राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन को सौंपे गए अपने इस्तीफे में प्रकाश चिक बड़ाईक ने तत्काल प्रभाव से सदस्यता छोड़ने की बात कही। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान सहयोग के लिए सभापति और राज्यसभा सचिवालय का आभार भी व्यक्त किया।
इसी बीच, टीएमसी के भीतर कथित बागी गुट के नेता रितब्रत बनर्जी ने कांग्रेस में विलय की अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि उनके गुट के पास 58 से बढ़कर 64 विधायकों का समर्थन है और जल्द ही वे विधानसभा अध्यक्ष को पत्र सौंपेंगे। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का विलय कांग्रेस में नहीं होगा।
वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने इस पूरे विवाद से दूरी बनाते हुए कहा कि उन्हें किसी भी विलय या अंदरूनी समझौते की कोई जानकारी नहीं है।
दूसरी ओर, हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात के बाद सुष्मिता देव के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की अटकलें भी तेज हो गई हैं। हालांकि उन्होंने इन दावों से इनकार किया है।