{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Article 370 के 7 साल पूरे, PM मोदी बोले- इतिहास बना अनुच्छेद 370, जम्मू-कश्मीर में शुरू हुआ विकास का नया अध्याय

 

New Delhi : जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35A हटाए जाने के सात वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे देश के इतिहास का एक निर्णायक क्षण बताया। बुधवार (5 अगस्त) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि 5 अगस्त 2019 को लिया गया यह फैसला जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के विकास की नई शुरुआत साबित हुआ।

प्रधानमंत्री ने लिखा कि "आज से सात साल पहले, इसी दिन अनुच्छेद 370 और 35(A) इतिहास का हिस्सा बन गए थे। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की विकास यात्रा का एक नया अध्याय शुरू हुआ।"

उन्होंने कहा कि पिछले सात वर्षों में दोनों केंद्र शासित प्रदेशों में बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा खेल जैसे क्षेत्रों में नए अवसर पैदा हुए हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं, पिछड़े वर्गों और उन लोगों को, जो वर्षों तक अपने संवैधानिक अधिकारों से वंचित रहे, अब भारतीय संविधान के पूर्ण रूप से लागू होने का लाभ मिल रहा है और वे अधिक सशक्त हुए हैं।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष उनकी 125वीं जयंती मनाई जा रही है और देश की एकता के लिए उनका आजीवन समर्पण आज भी प्रेरणास्रोत है।

पीएम मोदी ने कहा कि 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 हटाए जाने के साथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का वह सपना ऐतिहासिक रूप से साकार हुआ, जिसे उन्होंने दशकों पहले देखा था।