{"vars":{"id": "130921:5012"}}

यूपी चुनाव से पहले अमित शाह से मिले अरुण भारती, LJP की बढ़ती सक्रियता और 2027 की रणनीति पर चर्चा

 

New Delhi : उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जमुई से सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में उत्तर प्रदेश में LJP (रामविलास) की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता पर भी चर्चा हुई। पार्टी इन दिनों प्रदेश में संगठन विस्तार के साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है। सूत्रों की मानें तो अमित शाह ने पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘पंडित-पासी-पासवान’ नारे की भी सराहना की।

LJP ने किया था अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी ने शुरुआती तौर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। इसके बाद पार्टी ने प्रदेश में अपनी राजनीतिक गतिविधियां बढ़ाई हैं और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया है।

अब अरुण भारती की अमित शाह से मुलाकात के बाद इसके सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। खासतौर पर ऐसे समय में जब यूपी में बीजेपी समेत सभी प्रमुख दल 2027 के चुनाव को लेकर अपनी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं।

सीट शेयरिंग पर अटकलें तेज

मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में बीजेपी और LJP (रामविलास) के बीच संभावित सीट शेयरिंग को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, अभी तक दोनों दलों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

LJP की उत्तर प्रदेश में बढ़ती सक्रियता और अरुण भारती की अमित शाह से मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले NDA के भीतर संभावित राजनीतिक तालमेल के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, गठबंधन या सीट बंटवारे को लेकर अंतिम तस्वीर आने वाले समय में ही स्पष्ट होगी।