{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बंगाल में BJP सरकार बनते ही ममता पर फूटा अधीर रंजन का गुस्सा, बोले- अब हिंसा का हिसाब होगा

 

Kolkata : पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी की सरकार बनने के साथ ही राज्य की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत हो गई है। आजादी के बाद पहली बार राज्य में बीजेपी की सरकार बनी है। 15 साल तक सत्ता में रहीं ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को इस चुनाव में बड़ी हार का सामना करना पड़ा और पार्टी महज 80 सीटों पर सिमट गई।

इसी बीच कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बंगाल में पिछले वर्षों के दौरान हुई राजनीतिक हिंसा का परिणाम अब सामने आ रहा है।

‘हिंसा का परिणाम भुगतना पड़ेगा’

न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि ममता बनर्जी के शासनकाल में बंगाल में हुई सभी हिंसा का अब परिणाम भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कांग्रेस और धर्मनिरपेक्ष ताकतों को खत्म करने की कोशिश की और अब खुद उसी का खामियाजा भुगत रही हैं।

बीजेपी सरकार का आक्रामक रुख

मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने संकेत दिए हैं कि उनकी सरकार कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक सख्ती के मुद्दों पर तेजी से काम करेगी। उन्होंने अधिकारियों के साथ शुरुआती बैठकों में साफ किया कि जनता से किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

बीजेपी की इस ऐतिहासिक जीत को बंगाल की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जहां लंबे समय तक वाम दलों और बाद में तृणमूल कांग्रेस का दबदबा रहा है।