राजपाल यादव के मुश्किल वक्त में आगे आए ASP अनुज चौधरी, सैलरी से दी 51 हजार की मदद
नई दिल्ली I बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों गंभीर आर्थिक संकट और कानूनी मुश्किलों से जूझ रहे हैं। चेक बाउंस के एक मामले में लगभग 9 करोड़ रुपये के कर्ज के कारण उनकी जमानत याचिका दिल्ली हाईकोर्ट से खारिज हो गई है, और वे तिहाड़ जेल में बंद हैं। आर्थिक तंगी के इस दौर में बॉलीवुड इंडस्ट्री के कई बड़े नामों ने उनकी मदद का हाथ बढ़ाया है, और अब उत्तर प्रदेश पुलिस के एक अधिकारी ने भी उनका साथ दिया है, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है।
फिरोजाबाद में तैनात एएसपी अनुज चौधरी ने राजपाल यादव की मदद के लिए अपनी सैलरी अकाउंट से 51,000 रुपये देने का ऐलान किया है। उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, "मैं राजपाल यादव जी की कॉमेडी से व्यक्तिगत रूप से बहुत प्रभावित हूं। मैंने उनकी कई फिल्में देखी हैं, और मुझे उनसे बेहतर कलाकार कोई नहीं लगा। इस कठिन समय में मैं अपनी तरफ से सहयोग के रूप में 51,000 रुपये अपनी सैलरी से देना चाहता हूं। राशि बड़ी नहीं है, लेकिन जो मैं दे सकता हूं, वो देना चाहता हूं क्योंकि वे भी इंसान हैं।"
एएसपी अनुज चौधरी ने राजपाल यादव के एक प्रसिद्ध संवाद का जिक्र करते हुए कहा कि उनका यह विचार उन्हें बहुत प्रभावित करता है - "यदि आपके जीवन का एक भी सेकंड वापस ला सकते हो तो लाकर दिखाओ, व्यर्थ मत गंवाओ।" उन्होंने राजपाल को आध्यात्मिक, धार्मिक और संस्कारी व्यक्ति बताया और कहा कि बुरा समय किसी का भी आ सकता है, लेकिन अच्छे इंसान को अकेला नहीं छोड़ना चाहिए। इस नेक कदम की सोशल मीडिया पर खूब सराहना हो रही है, जहां लोग उन्हें "सच्चा इंसान" और "दरियादिल" कह रहे हैं।
इससे पहले बॉलीवुड से कई सितारों ने राजपाल यादव का साथ दिया है। सोनू सूद ने सबसे पहले X और इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर उन्हें अपनी आगामी फिल्म में रोल ऑफर किया और साइनिंग अमाउंट के रूप में आर्थिक मदद दी। सोनू ने लिखा, "राजपाल यादव एक प्रतिभाशाली अभिनेता हैं, जिन्होंने इंडस्ट्री को कई यादगार काम दिए। यह दान नहीं, बल्कि उनका सम्मान और गरिमा है। प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और सहयोगी सबको एकजुट होना चाहिए।"
सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन, डेविड धवन और अन्य सेलेब्स ने भी आर्थिक सहायता पहुंचाई है। राजपाल के मैनेजर गोल्डी ने बताया कि कई सेलेब्स ने संपर्क किया और मदद का वादा किया है। सिंगर मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर 11 लाख रुपये की मदद का ऐलान किया और कहा, "सिर्फ पोस्ट डालने से नहीं, बल्कि आगे आकर मदद करो। हम एक परिवार हैं।"