{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अतीक अहमद की तरह ठोक देंगे’ कहकर मठ को आया कॉल- वाराणसी में  स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को जान से मारने की धमकी

ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। कॉलर ने अतीक अहमद की तरह ठोक देने की धमकी दी। मठ प्रशासन ने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस आयुक्त से शिकायत करने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।

 

वाराणसी: ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। मठ के आधिकारिक मोबाइल नंबर पर आए कॉल और ऑडियो संदेशों में उन्हें प्रयागराज के माफिया अतीक अहमद की तरह मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद मठ प्रशासन और अधिवक्ताओं ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग उठाई है।

मठ के नंबर पर आया धमकी भरा कॉल

मठ के मीडिया प्रभारी संजय पांडेय के अनुसार, एक अप्रैल को ज्योतिर्मठ के आधिकारिक नंबर पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद छह अप्रैल को दोपहर 1:55 बजे और 1:57 बजे वॉइस मेल के माध्यम से दो ऑडियो संदेश भेजे गए, जिनमें गाली-गलौज के साथ जान से मारने की धमकी दी गई।

‘अतीक अहमद की तरह खत्म कर देंगे’

ऑडियो संदेश में कथित तौर पर कहा गया कि “जैसे अतीक अहमद को मारा गया, वैसे ही उसे भी मारना है… उसका समय आ गया है… यात्रा के दौरान ही खत्म कर दिया जाएगा।” मठ प्रशासन ने इसे बेहद गंभीर सुरक्षा खतरा बताया है।

यात्रा से पहले बढ़ी सुरक्षा चिंता

बताया गया कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद 3 मई से उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में ‘गोमाता राष्ट्र माता’ अभियान के तहत यात्रा शुरू करने वाले हैं। मठ प्रशासन का आरोप है कि इसी अभियान के कारण उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है।

पुलिस आयुक्त से होगी शिकायत

धमकी के बाद अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग करेगा।

मठ प्रशासन ने जताई साजिश की आशंका

मठ प्रशासन का कहना है कि यह सिर्फ धमकी नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकता है। मामले को लेकर पुलिस से उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है।