बांकीपुर उपचुनाव: दोपहर 1 बजे तक 20.01% मतदान, बारिश के बीच वोटिंग जारी
Patna : बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में मतदान की रफ्तार धीरे-धीरे बढ़ रही है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, दोपहर 1 बजे तक 20.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इससे पहले सुबह 11 बजे तक 11.50 प्रतिशत और सुबह 9 बजे तक 4.61 प्रतिशत वोटिंग हुई थी।
एक बजे तक मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम
हालांकि सुबह की तुलना में मतदान में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन दोपहर 1 बजे तक 20.01 प्रतिशत मतदान को अपेक्षाकृत कम माना जा रहा है। इस बीच, दोपहर करीब 2 बजे पटना के कई इलाकों में बारिश भी हुई, जिससे मतदान की रफ्तार पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। उम्मीद है कि शाम तक मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी होगी।
सुबह से बूथों पर पहुंचे मतदाता
मतदान शुरू होते ही मतदाता अपने-अपने बूथों पर पहुंचने लगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता सी.पी. ठाकुर, उनके पुत्र एवं नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने परिवार के साथ मतदान किया। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी 422 मतदान केंद्र शहरी क्षेत्रों में स्थित हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की मतदान की अपील
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया।
नितिन नवीन ने युवाओं और महिलाओं से की अपील
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी मतदाताओं, विशेषकर युवाओं और महिलाओं, से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने X पर लिखा कि विकसित भारत के संकल्प को मजबूत बनाने के लिए सभी मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।