{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Baramati Plane Crash: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का विमान हादसे में निधन, बारामती में लैंडिंग के दौरान प्लेन क्रैश प्लेन

 

बारामती/मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति से आज एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। राज्य के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के कद्दावर नेता अजित पवार का बुधवार सुबह एक विमान हादसे में निधन हो गया। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब अजित पवार बारामती में एक जनसभा को संबोधित करने जा रहे थे।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, अजित पवार बुधवार सुबह करीब 8:45 बजे मुंबई से एक विशेष विमान के जरिए बारामती के लिए रवाना हुए थे। बारामती के पास लैंडिंग के समय 'लो विजिबिलिटी' (कम दृश्यता) की वजह से विमान अपना संतुलन खो बैठा और क्रैश हो गया। चश्मदीदों के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि गिरते ही विमान आग की लपटों में घिर गया और चारों तरफ धुआं फैल गया।

विमान में सवार थे 5 लोग

प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, इस चार्टर्ड प्लेन में कुल 5 लोग सवार थे, जिनमें अजित पवार के अलावा उनके एक निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO), एक सहायक और दो चालक दल के सदस्य (पायलट और को-पायलट) शामिल थे। डीजीसीए और स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी 5 लोगों की जान चली गई है।

चुनावी रैलियों के लिए जा रहे थे बारामती

अजित पवार आज बारामती तहसील में आयोजित जिला परिषद चुनाव के प्रचार के लिए जा रहे थे। वहां आज उनकी चार अलग-अलग रैलियां प्रस्तावित थीं। उनके आगमन का इंतजार कर रहे समर्थक और कार्यकर्ता जैसे ही हादसे की खबर सुनी, घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर पुलिस और राहत बचाव दल मौजूद है, लेकिन विमान के पूरी तरह जल जाने के कारण किसी को भी बचाया नहीं जा सका।

पूरे राज्य में शोक की लहर

अजित पवार के निधन की खबर से महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा शून्य पैदा हो गया है। मुख्यमंत्री और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। बारामती, जो पवार परिवार का गढ़ माना जाता है, वहां इस समय भारी सन्नाटा और गम का माहौल है।