{"vars":{"id": "130921:5012"}}

भारत पहुंचे बेल्जियम PM बार्ट डी वेवर, राजघाट पर गांधी को नमन के बाद PM मोदी से अहम मुलाकात
 

 

नई दिल्ली। भारत यूरोपीय संघ और यूरोप के साथ अपने संबंधों को लगातार मजबूत कर रहा है। इसी क्रम में बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, तकनीक और कनेक्टिविटी समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

मुलाकात से पहले बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की और राजघाट की विजिटर्स बुक में अपने विचार दर्ज किए।

4 सितंबर तक भारत दौरे पर हैं डी वेवर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर 4 सितंबर तक भारत के दौरे पर हैं। इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य भारत और बेल्जियम के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना तथा व्यापार, निवेश, रक्षा, तकनीक और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करना है।

दो दशकों बाद बेल्जियम के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा

फरवरी 2025 में बेल्जियम के प्रधानमंत्री का पद संभालने वाले बार्ट डी वेवर पहली बार भारत दौरे पर आए हैं। करीब दो दशक बाद बेल्जियम के किसी प्रधानमंत्री की यह भारत की पहली यात्रा है। उनके साथ बेल्जियम के रक्षा और विदेश व्यापार मंत्री थियो फ्रैंकन के अलावा वरिष्ठ अधिकारी, कारोबारी और रक्षा उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।

मार्च में हुआ था बड़ा आर्थिक मिशन

भारत और बेल्जियम के बीच हाल के महीनों में आर्थिक और रणनीतिक सहयोग में तेजी देखने को मिली है। मार्च 2025 में प्रिंसेस एस्ट्रिड के नेतृत्व में बेल्जियम का एक बड़ा आर्थिक मिशन भारत आया था। इस मिशन में कंपनियों, चैंबर ऑफ कॉमर्स, अकादमिक संस्थानों और सरकारी संगठनों से जुड़े 338 लोगों ने हिस्सा लिया था। इस दौरान दोनों देशों के बीच 38 समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए थे।

राजनाथ सिंह से मिले बेल्जियम के रक्षा मंत्री

बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रैंकन ने भी गुरुवार को भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। द्विपक्षीय बैठक के दौरान फ्रैंकन ने भारत की तकनीकी क्षमताओं की सराहना की और दोनों देशों के बीच रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने की इच्छा जताई।

रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ने की उम्मीद

बार्ट डी वेवर के भारत दौरे में बेल्जियम के रक्षा मंत्री और रक्षा उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों की मौजूदगी को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे दोनों देशों के रक्षा औद्योगिक इकोसिस्टम के बीच सहयोग के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।

इस यात्रा से भारत-बेल्जियम के द्विपक्षीय संबंधों को नई गति मिलने के साथ-साथ भारत-यूरोपीय संघ और व्यापक भारत-यूरोप संबंधों को मजबूत करने में बेल्जियम की भूमिका और महत्वपूर्ण होने की उम्मीद है।