एक साल तक घर में पड़ी रही महिला की लाश, किसी को नहीं लगी भनक! बेटी का बयान भी चौंकाने वाला
बेंगलुरु के बागलगुंटे इलाके में 52 वर्षीय दाक्षायिनी का शव उनके डुप्लेक्स घर से कंकाल के रूप में बरामद हुआ। पुलिस को आशंका है कि महिला की मौत करीब एक साल पहले हुई थी। बेटी ने बताया कि पारिवारिक मनमुटाव के बाद करीब एक साल से मां से संपर्क नहीं था।
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बागलगुंटे इलाके में एक डुप्लेक्स घर से 52 वर्षीय महिला का शव कंकाल के रूप में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान दाक्षायिनी के रूप में हुई है और आशंका है कि उनकी मौत करीब एक साल पहले हुई थी। हैरानी की बात यह है कि इतने लंबे समय तक महिला घर के अंदर अकेली पड़ी रहीं और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
यह मामला बागलगुंटे के हवानूर लेआउट का है। पुलिस ने घर के सभी कमरों की जांच शुरू कर दी है और महिला की मौत के कारणों के साथ-साथ यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतने लंबे समय तक घटना की जानकारी कैसे नहीं मिली।
बेटी ने कहा- करीब एक साल से मां से नहीं हुई थी बात
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दाक्षायिनी की एक बेटी है। बेटी और उसका पति पिछले करीब एक साल में दाक्षायिनी से मिलने नहीं आए थे।
पुलिस पूछताछ में बेटी ने बताया कि करीब एक साल पहले किसी बात को लेकर मां से उसका मनमुटाव हो गया था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई। बेटी के मुताबिक, गुस्से में दाक्षायिनी ने अपना मोबाइल नंबर भी बदल लिया था। इसके बाद उसने मां से संपर्क करने की कोशिश नहीं की और करीब एक साल तक उनकी कोई बातचीत नहीं हुई।
पति और बेटे की मौत के बाद अकेली रह रही थीं दाक्षायिनी
पुलिस को मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दाक्षायिनी घर में अकेली रहती थीं। उनके पति उमेश की करीब 10 साल पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद उनके बेटे की भी कैंसर से मौत हो गई थी।
इन लगातार हुए पारिवारिक नुकसान के बाद दाक्षायिनी कथित तौर पर डिप्रेशन से जूझ रही थीं और अकेले जीवन बिता रही थीं। पुलिस को आशंका है कि इसी दौरान करीब एक साल पहले उनकी मौत हो गई होगी।
घर के अंदर कंकाल में बदल गया शव
पुलिस के मुताबिक, दाक्षायिनी का शव घर के एक कमरे में मिला। लंबे समय तक पड़े रहने के कारण शव कंकाल में बदल चुका था। घर अंदर से बंद था, जिसके कारण भी लंबे समय तक किसी को घटना का पता नहीं चल पाया। मामले की जानकारी मिलने के बाद बागलगुंटे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर के प्रत्येक कमरे की जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पड़ोसियों को क्यों नहीं लगी भनक? पुलिस खंगाल रही हर पहलू
इस घटना का सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर महिला की मौत करीब एक साल पहले हुई थी तो इतने लंबे समय तक पड़ोसियों या आसपास रहने वाले लोगों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई।
पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। साथ ही महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, क्या वह किसी बीमारी से परेशान थीं और उनकी मृत्यु के बाद घर में कोई आता-जाता था या नहीं, इन सभी बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है।
मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी साफ
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। महिला की मौत की वास्तविक वजह और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए मेडिकल जांच और फोरेंसिक साक्ष्यों की मदद ली जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दाक्षायिनी की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।