भंडारी कनेक्शन से गरमाई राजनीति: रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ ED की एक और चार्जशीट दाखिल
New Delhi : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के पति और बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ मनी-लॉन्ड्रिंग मामले में दूसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट राउज एवेन्यू कोर्ट, दिल्ली में दाखिल की है। इस मामले का संबंध लंदन में रह रहे भगोड़े हथियार कारोबारी संजय भंडारी से है। कोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई 6 दिसंबर को निर्धारित की है।
भंडारी प्रकरण में कानूनी कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, यह वाड्रा के खिलाफ धनशोधन से जुड़े मामलों में दूसरी चार्जशीट है। इससे पहले जुलाई में हरियाणा के शिकोहपुर में जमीन सौदे में कथित गड़बड़ी के मामले में ED ने उनके खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था। भंडारी प्रकरण में ED पहले भी वाड्रा से पूछताछ कर चुकी है।
सप्लीमेंट्री चार्जशीट में वाड्रा को नौवां आरोपी बनाया गया है। हालांकि अदालत ने इस चार्जशीट पर अभी संज्ञान नहीं लिया है। ED ने बताया कि वाड्रा का बयान पीएमएलए (Prevention of Money Laundering Act) के तहत इस साल जुलाई में दर्ज किया गया था।
मामले की शुरुआत
संजय भंडारी का प्रत्यर्पण ब्रिटेन की अदालत ने पहले ही खारिज कर दिया था। जुलाई में दिल्ली की अदालत ने उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया था। वर्ष 2016 में आयकर विभाग की छापेमारी के बाद भंडारी लंदन भाग गया था। फरवरी 2017 में ED ने भंडारी और अन्य के खिलाफ पीएमएलए के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया था।
ED ने अपनी 2023 में दाखिल चार्जशीट में दावा किया कि 2009 में संजय भंडारी ने लंदन में मकान खरीदा और उसे कथित तौर पर रॉबर्ट वाड्रा के निर्देश पर रिनोवेट कराया गया। एजेंसी का कहना है कि रिनोवेशन का खर्च वाड्रा ने ही उठाया था।
रॉबर्ट वाड्रा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनका लंदन में कोई मकान या संपत्ति नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें राजनीतिक उद्देश्यों से निशाना बनाकर परेशान किया जा रहा है।