NEET पेपर लीक केस में CBI का बड़ा एक्शन, बायोलॉजी लेक्चरर महिला गिरफ्तार
New Delhi : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। शनिवार (16 मई 2026) को एजेंसी ने आरोपी महिला मनीषा मंधारे को हिरासत में लिया, जो पेशे से बायोलॉजी विषय की लेक्चरर बताई जा रही हैं।
सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। जांच एजेंसी लगातार पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, मनीषा मंधारे पर परीक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक करने और संगठित नेटवर्क के संपर्क में रहने का आरोप है। हालांकि, एजेंसी की ओर से अभी तक गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
देशभर में चर्चित बने इस मामले में सीबीआई पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और विभिन्न राज्यों में छापेमारी भी जारी है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक का नेटवर्क कितने राज्यों तक फैला हुआ था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।
NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। विपक्षी दल भी इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर हैं।