{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बंगाल में BJP सरकार बनते ही बड़े फैसले! सुवेंदु ने अपने पास रखा गृह मंत्रालय, जानिए किसे मिला कौन सा विभाग?

 

Kolkata : पश्चिम बंगाल में नई BJP सरकार बनने के बाद, संभावित विभागों के बंटवारे की तस्वीर भी सामने आने लगी है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने गृह विभाग अपने पास रखा है, जबकि कैबिनेट के अन्य नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक इन विभागों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप घोष को ग्रामीण विकास, पंचायत और पशु संसाधन विभाग का प्रभार सौंपा गया है। अग्निमित्रा पॉल को महिला एवं बाल कल्याण विभाग की ज़िम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, अशोक कीर्तनिया को खाद्य मंत्रालय, खुदीराम टुडू को पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग और निशीथ प्रमाणिक को उत्तर बंगाल विकास, खेल एवं युवा कल्याण विभाग दिए जाने की चर्चा है।

नई सरकार के गठन के बाद हुई पहली कैबिनेट बैठक में कई बड़े फैसले भी लिए गए। सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (BSF) को 45 दिनों के भीतर ज़मीन उपलब्ध कराने का फैसला किया है। इसके साथ ही, राज्य में केंद्र सरकार की 'आयुष्मान भारत' योजना को तत्काल प्रभाव से लागू करने की भी घोषणा की गई।

कैबिनेट ने यह भी फैसला लिया कि अब राज्य में सभी नए मुकदमे भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत दर्ज किए जाएंगे। इसके अलावा पिछली सरकार की सभी लाभार्थी योजनाओं को जारी रखने और सरकारी नौकरियों के लिए अधिकतम आयु सीमा में पांच साल की छूट देने का भी निर्णय लिया गया है।

नई बीजेपी सरकार के शुरुआती फैसलों को राज्य में तेज और आक्रामक प्रशासनिक एजेंडे के तौर पर देखा जा रहा है।