बिहार : छठियार कार्यक्रम की खुशियां बदली मातम में, आर्केस्ट्रा देख रहे लोगों पर चढ़ी बस, 6 की मौत
बिहार। पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। बसवरिया पराउटोला पंचायत के बनकटवा मध्य विद्यालय के पास छठियार कार्यक्रम के दौरान सड़क किनारे आर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार रात करीब 11 बजे हुआ। गोरखपुर से बेतिया जा रही शाही ट्रैवल्स की बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे आयोजित कार्यक्रम में आर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। बस की चपेट में आने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
हादसे में छांगुर राम (70), बहादुर महतो (45), संजय कुमार (28), राकेश कुमार दूबे (35), देवेन्द्र दूबे (35) समेत छह लोगों की मौत की सूचना है। मृतकों में बनकटवा और बसवरिया गांव के लोग शामिल हैं।
वहीं, हादसे में श्याम बाबू कुमार (16), अजीत कुमार (18), मोचन महतो (50) और नरेश राम (40) समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। सभी घायल बनकटवा और बसवरिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की स्थिति गंभीर होने की बात सामने आ रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल है। जिस जगह कुछ देर पहले छठियार कार्यक्रम के दौरान उत्सव का माहौल था, वहीं हादसे के बाद चीख-पुकार और मातम छा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।