Bihar Election 2025: बिहार चुनाव में दूसरे चरण से जुड़ी 15 बड़ी बातें, कहां पड़े सबसे ज्यादा वोट और कहां सबसे कम?
Patna : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और आखिरी चरण की वोटिंग पूरी हो गई है। इस चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 68.48% मतदान दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा वोटिंग किशनगंज में हुई जहां 76.26% लोगों ने वोट डाले, जबकि नवादा में सबसे कम 57.11% मतदान दर्ज किया गया।
केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने दावा किया है कि दूसरे चरण की 122 सीटों में से 80 सीटों पर जीत निश्चित है, जबकि राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि जनता ने बढ़-चढ़कर मतदान किया है, इससे मेरा मन गदगद है।
दूसरे चरण की 15 बड़ी घटनाएं
- अरवल – वोटिंग के दौरान पीठासीन पदाधिकारी अरविंद कुमार की हार्ट अटैक से मौत।
- शिवहर और बेलसंड (तारियानी) – बूथ गड़बड़ी के आरोप में 13 लोग हिरासत में।
- बेतिया – पैसे बांटते दो RJD समर्थक ग्रामीणों ने पकड़े, पुलिस ने हिरासत में लिया।
- बगहा – 19 बूथों पर सिर्फ 1 वोट, 15 हजार से अधिक लोगों ने बहिष्कार किया।
- अररिया – बीजेपी और कांग्रेस समर्थकों में भिड़ंत, मारपीट और धमकी के आरोप।
- नवादा (हिसुआ) – BJP प्रत्याशी अनिल सिंह को ग्रामीणों ने खदेड़ा, बोले- “काम नहीं किया।”
- रोहतास – पंचायत भवन की मांग को लेकर लोगों ने वोट बहिष्कार किया।
- जमुई – वोटिंग के दौरान दो समुदायों में झड़प, पुलिस ने हालात काबू में किए।
- जहानाबाद (बूथ 220) – दो गुटों के बीच झड़प, 4 लोग घायल।
- नोखा (रोहतास) – JDU प्रत्याशी नागेंद्र चंद्रवंशी गाड़ी पर पार्टी झंडा लगाकर घूमते दिखे।
- मोतिहारी – 10 फर्जी वोटर पकड़े गए, वोटिंग में बाधा डालने पर एक एजेंट गिरफ्तार।
- सीतामढ़ी (रुन्नीसैदपुर) – JDU पोलिंग एजेंट पर FIR दर्ज।
- जमुई (चकाई) – EVM खराबी से 5 घंटे वोटिंग रुकी।
- बांका (कटोरिया) – डेढ़ घंटे देरी से मतदान प्रारंभ।
- बेतिया से अरवल तक – कई जगहों पर पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकालकर स्थिति पर नियंत्रण किया।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण रहा, हालांकि कुछ स्थानों पर गड़बड़ियों और झड़पों की सूचना मिली। सुरक्षा बलों ने 20 से अधिक जिलों में कड़ी निगरानी रखी और संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई।