{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बिहार को मिला ‘नीतीश सेतु’, उद्घाटन के बाद PM मोदी बोले- बदहाली से सुशासन की ओर बढ़ा राज्य

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर इस पुल का नाम रखा गया है। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी और नीतीश कुमार के बीच खास आत्मीयता भी देखने को मिली। प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार को गले लगाया और पुल पर टहलते हुए गमछा लहराकर वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया।

इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने बिहार के विकास, गरीबी उन्मूलन और एनडीए सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बिहार ने लंबे समय तक बदहाली का दौर देखा, लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य को सुशासन का भरोसा मिला। अब सम्राट चौधरी की टीम उसी विकास यात्रा को आगे बढ़ा रही है।

बदहाली से सुशासन की ओर बढ़ा बिहार

पीएम मोदी ने कहा कि करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विश्वास के साथ बदलाव की राह चुनी थी। जिस राज्य ने लंबे समय तक बदहाली का सामना किया, वहां नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन की नींव मजबूत हुई। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने वर्षों तक बिहार की सेवा की और अब उनके आशीर्वाद से सम्राट चौधरी की टीम राज्य को आगे ले जाने का काम कर रही है।

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में बिहार के हर क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले राज्य में घोटालों की चर्चा होती थी, लेकिन अब निवेश के आंकड़ों की बात हो रही है। कभी बिहार के गांव बिजली के लिए तरसते थे, जबकि आज राज्य बिजली उत्पादन के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।

गरीबी के खिलाफ लड़ाई में बिहार की अहम भूमिका

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश गरीबी के खिलाफ लड़ाई में लगातार आगे बढ़ रहा है। जब सरकार की नीयत साफ होती है और योजनाओं को जमीन पर उतारा जाता है, तो उसका असर लोगों की जिंदगी में दिखाई देता है।

उन्होंने कांग्रेस के गरीबी हटाओ नारे का जिक्र करते हुए दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में देश के 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। पीएम मोदी के मुताबिक, गरीबों को पक्के मकान, बेहतर इलाज, बिजली और पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि गरीबी के खिलाफ इस अभियान में बिहार का भी बड़ा योगदान है। डबल इंजन सरकार ने सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया है।

बिहार में 43 लाख लोगों को मिले पक्के मकान

प्रधानमंत्री ने बिहार में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि राज्य में 43 लाख लोगों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, पीएम किसान सम्मान निधि के तहत बिहार के 75 लाख किसानों के बैंक खातों में हजारों करोड़ रुपये भेजे गए हैं।

उन्होंने कहा कि पीएम आवास योजना के तहत भी बड़ी संख्या में परिवारों को पक्के घरों की चाबियां सौंपी गई हैं। सरकार का प्रयास है कि गरीबों को बुनियादी सुविधाएं मिलें और उनका जीवन आसान हो।

एक साल में दो लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते

बिहार में औद्योगिक विकास और रोजगार के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के पिछले एक साल के दौरान राज्य में दो लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं। इसके अलावा सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि बीते एक साल में बिहार में 200 से अधिक डिग्री कॉलेज खोले गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में विकास कार्यों की सूची इतनी लंबी है कि उसे किसी एक मंच से गिनाना संभव नहीं है। राज्य के विकास को यहां आकर महसूस किया जा सकता है।

इस दौरान उन्होंने शहरी परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 100 आधुनिक पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाने का भी जिक्र किया।

नीतीश सेतु को बताया सेवा और समर्पण का सम्मान

गंगा नदी पर बने इस पुल के नामकरण पर प्रधानमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के नाम पर इसका नाम रखा जाना उनके वर्षों के सेवा और समर्पण का सम्मान है। यह पुल पटना और वैशाली के बीच आवागमन को आसान बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

पीएम मोदी ने कहा कि पुल बनने से दोनों क्षेत्रों के बीच दूरी और यात्रा की परेशानियां कम होंगी। फल, सब्जी और दूध जैसे उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। इसके साथ ही बच्चों को पढ़ाई और बुजुर्गों को इलाज के लिए आने-जाने में भी सुविधा मिलेगी।

छठी मैया के आशीर्वाद से मना रहे विकास का पर्व


अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने हाल ही में संपन्न हुए छठ महापर्व का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि छठी मैया के आशीर्वाद से बिहार में विकास का यह पर्व मनाया जा रहा है। माताओं और बहनों ने कठिन व्रत रखकर अपने परिवार, समाज और पूरी दुनिया के कल्याण की कामना की है।

पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र की ताकत का इस्तेमाल जनकल्याण के लिए किया जा रहा है। इसी भावना के साथ एनडीए सरकार के कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर इस आयोजन के लिए लोकतंत्र की ऐतिहासिक धरती वैशाली को चुना गया है। उन्होंने वैशाली की पवित्र मिट्टी को नमन करते हुए बिहार के विकास में जनता की भागीदारी को अहम बताया।