{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बिहार सरकार ने कर्मचारियों को दिया बड़ा तोहफा, DA बढ़ाकर 60% किया

 

Patna : केंद्र सरकार द्वारा महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी के बाद अब बिहार सरकार ने भी अपने कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी गई।

सरकार के फैसले के अनुसार, सातवें वेतन आयोग के तहत कर्मचारियों का DA अब 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। इस फैसले से राज्य के करीब 9 लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सीधा लाभ मिलेगा।

सरकार ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों और पेंशनरों की क्रय शक्ति को बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। DA बढ़ने से कर्मचारियों की मासिक सैलरी में इजाफा होगा, वहीं पेंशनभोगियों को मिलने वाली महंगाई राहत (DR) में भी बढ़ोतरी होगी।

कैबिनेट के फैसले के तहत छठे वेतनमान के कर्मचारियों का DA 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं पांचवें वेतनमान के कर्मचारियों का DA 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत कर दिया गया है।

बिहार सरकार के इस फैसले के बाद राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों में खुशी का माहौल है। कर्मचारी संगठनों ने इसे राहत भरा कदम बताते हुए सरकार का स्वागत किया है।