{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बिलकिस बानो को फिर सताने लगा डर, सुप्रीम कोर्ट से दो दोषियों को जमानत मिलने पर बोलीं- बच्चों की...

बिलकिस बानो गैंगरेप केस में सुप्रीम कोर्ट ने दो दोषियों की उम्रकैद की सजा पर रोक लगाते हुए जमानत दे दी है। इस फैसले पर बिलकिस बानो ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पुराना डर फिर लौट आया है और वह अपने परिवार व बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

 

गुजरात दंगों के दौरान हुए बिलकिस बानो सामूहिक दुष्कर्म और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट से दो दोषियों को जमानत मिलने के बाद पीड़िता ने चिंता जताई है। बिलकिस बानो ने कहा कि इस फैसले से उनके मन में पुराना डर फिर लौट आया है। उन्हें अपनी, अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता सता रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अदालत के इस फैसले की जानकारी मीडिया रिपोर्टों से मिली और सुनवाई के दौरान उनकी बात नहीं सुनी गई।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले से क्यों आहत हैं बिलकिस बानो?

बिलकिस बानो ने अपने बयान में कहा कि उन्हें 24 वर्षों से न्याय के लिए लंबी लड़ाई लड़नी पड़ी है। इस दौरान परिवार और दोस्तों के सहयोग से उन्होंने अपनी जिंदगी को दोबारा संभालने की कोशिश की और शांति से जीवन जीने की उम्मीद की थी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश ने उनके मन में पहले से मौजूद डर को फिर से जगा दिया है।

उन्होंने सवाल उठाया कि अदालत ने उन्हें सुनवाई के दौरान अपनी बात रखने का मौका क्यों नहीं दिया और इस फैसले की जानकारी भी उन्हें पहले क्यों नहीं दी गई। बिलकिस के मुताबिक, उन्हें इस आदेश के बारे में मीडिया रिपोर्टों के जरिए पता चला।

उन्होंने साफ कहा कि वह इस आदेश को चुनौती देंगी। उनका कहना है कि वह अपने बच्चों के भविष्य और अपनी तीन साल की बेटी सालेहा की याद में यह लड़ाई जारी रखेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी महिला, पीड़िता या नागरिक को जीवनभर न्याय के लिए इस तरह संघर्ष नहीं करना पड़ना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट ने दो दोषियों को क्यों दी जमानत?

बिलकिस बानो मामले में सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने 28 अक्टूबर को दो दोषियों की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए उनकी उम्रकैद की सजा पर रोक लगाई और जमानत देने का आदेश दिया था। इस पीठ में न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश और न्यायमूर्ति प्रसन्ना बी वराले शामिल थे।

जिन दो दोषियों को राहत मिली है, उनके नाम बिपिनचंद्र कनैयालाल जोशी और प्रदीप रमणलाल मोधिया हैं। दोनों ने बॉम्बे हाईकोर्ट के 2017 के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उनकी दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा बरकरार रखी गई थी।

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि दोनों दोषी 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। साथ ही, उनमें से एक की गंभीर शारीरिक दिव्यांगता को भी ध्यान में रखा गया। अदालत ने कहा कि अपील में तथ्यों और कानून से जुड़े कुछ मुद्दों पर अभी फैसला होना बाकी है। इसी आधार पर उनकी सजा निलंबित करते हुए जमानत दी गई। जमानत की शर्तें संबंधित ट्रायल कोर्ट को तय करने के निर्देश दिए गए हैं। 


क्या है बिलकिस बानो गैंगरेप केस?

यह मामला 2002 के गुजरात दंगों से जुड़ा है। उस समय बिलकिस बानो की उम्र 19 साल थी और वह पांच महीने की गर्भवती थीं। दंगों के दौरान उनके परिवार पर हमला हुआ था। इस घटना में बिलकिस बानो के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या कर दी गई। मृतकों में उनकी तीन साल की बेटी सालेहा भी शामिल थी।

इस मामले में 11 दोषियों को जनवरी 2008 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। बाद में बॉम्बे हाईकोर्ट ने मई 2017 में उनकी सजा बरकरार रखी।

15 अगस्त 2022 को गुजरात सरकार ने सभी 11 दोषियों को समय से पहले रिहा कर दिया था। इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई। इसके बाद 8 जनवरी 2024 को सुप्रीम कोर्ट ने दोषियों की रिहाई के आदेश को रद्द कर दिया था और सभी को जेल लौटने का निर्देश दिया था। इसके बाद सभी 11 दोषियों ने दोबारा जेल में सरेंडर किया था।  अब दो दोषियों को जमानत मिलने के बाद बिलकिस बानो ने एक बार फिर कानूनी लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है।