क्या बिसलेरी का पानी सुरक्षित है? कंपनी ने FSSAI जांच और नोटिस पर दी सफाई, कहा- अब तक कोई...
बिसलेरी के पानी की गुणवत्ता को लेकर सामने आई खबरों के बीच कंपनी ने सफाई दी है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से नोटिस जारी किए जाने की खबरों पर बिसलेरी ने कहा है कि मामला करीब 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से लिए गए एक सैंपल से जुड़ा है। कंपनी ने दावा किया कि दोबारा जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया और उसे अब तक FSSAI की ओर से कोई नोटिस नहीं मिला है।
FSSAI ने सितंबर 2025 में गोवा प्लांट से लिए थे 6 सैंपल
बिसलेरी के मुताबिक, 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने गोवा स्थित उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से पानी के छह सैंपल लिए थे। शुरुआती जांच में पांच सैंपल निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे सैंपल में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया। पानी में ब्रोमेट की निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
कंपनी ने बताया कि शुरुआती जांच के नतीजे सामने आने के बाद उसने 22 नवंबर 2025 को अपील की थी। इसके बाद FSSAI ने संबंधित सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा।
दोबारा जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा में मिला
बिसलेरी के बयान के मुताबिक, रेफरल लैब की जांच में सैंपल में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया। हालांकि, इसी जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी को लेकर अलग सवाल उठाए गए थे।
कंपनी ने बताया कि जांच के दोनों नतीजों में अंतर होने के कारण उसने उसी सैंपल की जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त एक अन्य स्वतंत्र लैब में भी कराई। बिसलेरी के अनुसार, इस जांच में भी ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया।
FSSAI को रिपोर्ट सौंपने के बाद नहीं मिला कोई नोटिस
कंपनी ने कहा कि 2 फरवरी 2026 को स्वतंत्र लैब की जांच रिपोर्ट एक औपचारिक पत्र के साथ FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दी गई थी। इसके बाद उसे प्राधिकरण की ओर से कोई और सूचना नहीं मिली। कंपनी का कहना है कि उसने इसी आधार पर मामले को बंद मान लिया था।
बिसलेरी ने यह भी स्पष्ट किया कि अब तक उसे ईमेल या हार्ड कॉपी के जरिए कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। कंपनी के मुताबिक, FSSAI की वेबसाइट पर भी उसे कथित नोटिस नहीं मिला है।
पानी की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता
बिसलेरी ने अपने बयान में कहा कि पीने के पानी की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी के मुताबिक, उसकी मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया में 10 चरणों के दौरान 90 से अधिक गुणवत्ता जांच की जाती हैं।
कंपनी ने कहा कि वह नियामक प्रक्रिया के तहत FSSAI के साथ पूरा सहयोग करती रहेगी। साथ ही, बिसलेरी ने दोहराया कि उसका पानी पीने के लिए सुरक्षित है और उपभोक्ताओं का भरोसा उसके लिए महत्वपूर्ण है।