अभिनेता धर्मेंद्र का 89 वर्ष की आयु में निधन, बॉलीवुड में शोक की लहर
मुंबई I बॉलीवुड के ही-मैन कहे जाने वाले महान अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार को निधन हो गया। वे 89 वर्ष के थे। लंबी बीमारी के बाद उनका मुंबई स्थित आवास पर निधन हुआ। परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत खराब चल रही थी।
अंतिम दिनों में अस्पताल में थे भर्ती
धर्मेंद्र को 31 अक्टूबर 2025 को सांस लेने में तकलीफ के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 10 नवंबर को उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई थी। उस दौरान पूरा परिवार – सनी देओल, बॉबी देओल, ईशा देओल, अहाना देओल, करण देओल, राजवीर देओल, अभय देओल और हेमा मालिनी समेत सभी अस्पताल पहुंचे थे। बाद में उन्हें घर लाया गया और घर पर ही इलाज जारी था। अस्पताल में उनसे मिलने पहुंचे थे सलमान खान, शाहरुख खान, गोविंदा और अमीषा पटेल सहित कई बॉलीवुड हस्तियां।
65 साल का शानदार फिल्मी सफर
8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसराली गांव में जन्मे धर्मेंद्र ने 1960 में फिल्म ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ से डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने ‘फूल और पत्थर’ (1966) से पहली बार सोलो हीरो के तौर पर सफलता हासिल की।
उनकी कुछ यादगार फिल्में:
- शोले (1975)
- चुपके चुपके (1975)
- सीता और गीता (1972)
- धरम वीर (1977)
- जुगनू (1973)
- यादों की बारात (1973)
89 साल की उम्र में भी वे सक्रिय थे। हाल ही में ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ (2023) में शबाना आजमी के साथ उनका किसिंग सीन काफी चर्चा में रहा था। उनकी आखिरी रिलीज फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ (2024) थी और पोस्टह्यूमस उनकी अंतिम फिल्म ‘इक्कीस’ 25 दिसंबर 2025 को रिलीज होगी, जिसमें वे अगस्त्या नंदा के पिता की भूमिका निभा रहे हैं।
निजी जीवन
धर्मेंद्र ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी प्रकाश कौर से उन्हें चार संतान – सनी देओल, बॉबी देओल, विजेता और अजीता हैं। दूसरी शादी मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी से हुई थी, जिनसे उन्हें दो बेटियां ईशा देओल और अहाना देओल हैं। धर्मेंद्र के निधन से पूरे फिल्म जगत और देश में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट पर होगा।