{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कुवैत-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट में बम धमकी, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग
 

 

अहमदाबाद I कुवैत से दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में बम होने की लिखित धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विमान को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

शुक्रवार सुबह यह घटना हुई, जब फ्लाइट में सवार एक यात्री को कागज के टुकड़े पर हाथ से लिखा नोट मिला, जिसमें विमान के अंदर बम होने का दावा किया गया था। कुछ स्रोतों के अनुसार, नोट में हाईजैक और बम से उड़ाने की धमकी का भी जिक्र था।

धमकी की सूचना मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट किया और विमान को तुरंत अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया। फ्लाइट सुबह करीब 6:40 बजे 180 यात्रियों और क्रू मेंबर्स के साथ सुरक्षित रूप से उतर गई।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और विमान की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पूरी जांच पूरी होने के बाद फ्लाइट को आगे की मंजूरी मिल सकती है।