महंगाई के दौर में Budget 2026 से राहत की आस, मिडिल क्लास को मिल सकते हैं ये बड़े फायदे
बजट 2026 से मिडिल क्लास और आम आदमी को टैक्स, बीमा और महंगाई में राहत की उम्मीद है। विशेषज्ञों के अनुसार, इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश और MSME समर्थन से रोजगार व सुविधाएं बढ़ सकती हैं।
Budget 2026: देश की मिडिल क्लास और आम आदमी की निगाहें अब बजट 2026 पर टिकी हैं। बढ़ती महंगाई और रोजमर्रा के खर्चों के बीच लोग ऐसे फैसलों की उम्मीद कर रहे हैं, जो उनकी आर्थिक परेशानी को कम करें और जीवन को आसान बनाएं।
आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि बजट 2026 केवल अर्थव्यवस्था को मजबूती देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम परिवारों के लिए भी राहत के कई पैकेज ला सकता है।
इन्फ्रास्ट्रक्चर और निवेश पर रहेगा फोकस
मुंबई स्थित विवेकानंद एजुकेशन सोसाइटी इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज एंड रिसर्च की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. कविता कनबार के अनुसार, बजट 2026 का मुख्य फोकस इन्फ्रास्ट्रक्चर, डिफेंस और एक्सपोर्ट्स पर रहने की संभावना है। इससे प्राइवेट इन्वेस्टमेंट बढ़ेगा और पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) को मजबूती मिलेगी।
रेलवे, सड़क, एयरपोर्ट और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश बढ़ने से न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं भी मिलेंगी।
टैक्स, GST और बीमा में मिल सकती है राहत
बजट 2026 में इनकम टैक्स और जीएसटी सिस्टम को सरल बनाने के कदम उठाए जाने की उम्मीद है। इसके साथ ही जीवन और स्वास्थ्य बीमा पर टैक्स छूट बढ़ाई जा सकती है, जिससे इलाज और सुरक्षा से जुड़े खर्चों में सीधा लाभ मिलेगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि इससे मिडिल क्लास परिवारों के लिए बीमा पॉलिसी लेना आसान होगा और मेडिकल खर्च का बोझ घटेगा।
MSME और स्टार्टअप्स को मिलेगा बढ़ावा
बजट 2026 में MSME और स्टार्टअप सेक्टर के लिए टैक्स इंसेंटिव और प्रोत्साहन योजनाएं पेश की जा सकती हैं। इससे छोटे व्यवसायों की प्रोडक्टिविटी बढ़ेगी, वे वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बन सकेंगे और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
आम आदमी की सबसे बड़ी उम्मीद
मिडिल क्लास और छोटे परिवार चाहते हैं कि घर, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं सस्ती हों, टैक्स का बोझ घटे और महंगाई पर नियंत्रण लगे। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बजट 2026 इन मुद्दों पर संतुलित ध्यान देता है, तो यह आम परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।