{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ब्रजक्षेत्र को मांस-मदिरा मुक्त करने का आह्वान, प्रेमानंद महाराज बोले- पवित्र भूमि पर शराब-मांस की बिक्री बंद हो
 

 

मथुरा: मशहूर संत प्रेमानंद महाराज ने ब्रजक्षेत्र को पूरी तरह मांस और मदिरा से मुक्त करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वृंदावन, मथुरा समेत समूचे ब्रजक्षेत्र को भगवान श्रीराधा-कृष्ण की लीलाभूमि के रूप में पवित्र बनाए रखना चाहिए।

प्रेमानंद महाराज अपने श्रीराधा केलिकुंज में प्रतिदिन आयोजित सत्संग में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए बोले, “ब्रज पवित्र स्थल है। यहां भगवान कृष्ण की लीलाएं हुई हैं। ऐसी पावन भूमि पर मांस और मदिरा की बिक्री बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। सरकार को इस दिशा में ठोस व्यवस्था करनी चाहिए। जब पूरा ब्रज मांस-मदिरा मुक्त हो जाएगा, तभी इसकी पवित्रता बनी रहेगी।” उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बागेश्वर महाराज का भी आह्वान

गौरतलब है कि इससे पहले बागेश्वर धाम के प्रमुख संत धीरेंद्र शास्त्री (बागेश्वर महाराज) भी ब्रजक्षेत्र को मांस-मदिरा मुक्त बनाने की मांग कर चुके हैं। नवंबर 2024 में दिल्ली से मथुरा तक निकाली गई अपनी पदयात्रा के दौरान उन्होंने लगातार इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने कहा था कि प्रेमानंद महाराज की रात्रिकालीन पदयात्रा वाले मार्ग पर शराब की दुकानों की मौजूदगी ठीक नहीं लगती।

बागेश्वर महाराज के आह्वान के बाद कुछ युवकों ने मथुरा में शराब की दुकानें जबरन बंद कराने की कोशिश की थी, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया था। पुलिस ने शांति भंग के मामले में युवकों को गिरफ्तार भी किया था।