भारत मंडपम में हंगामा! विदेशी मेहमानों के सामने टी-शर्ट खोलकर नारेबाजी, 4 यूथ कांग्रेस नेता 5 दिन की रिमांड पर
New Delhi : दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन का मामला अब अदालत पहुंच गया है। शनिवार को दिल्ली पुलिस ने 4 यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट ने उन्हें 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने दावा किया कि प्रदर्शन नेपाल के GenZ आंदोलन से प्रेरित था और इसमें राष्ट्रविरोधी नारे लगाए गए। इस घटना से कांग्रेस विवादों में घिर गई है, जबकि बीजेपी कार्यकर्ता विभिन्न राज्यों में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
पुलिस की दलील और कोर्ट का फैसला
पुलिस वकील ने कोर्ट में कहा कि प्रदर्शन के दौरान देशविरोधी नारे लगाए गए। नेपाल के GenZ की तर्ज पर देश को बांटने वाले नारे लगाए। प्रदर्शन की जगह ऐसी चुनी गई जहां दूसरे देशों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद थे। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने धक्कामुक्की की, जिससे कुछ पुलिसवालों को चोट लगी। कोर्ट ने पुलिस से 5 दिन की रिमांड का कारण पूछा, तो पुलिस ने जवाब दिया कि मामले में जांच करनी है कि साजिश किसने रची और कौन-कौन लोग शामिल हैं। टी-शर्ट कहां छापी गईं।
आरोपियों के वकील ने पुलिस रिमांड का विरोध करते हुए कहा, "ये गिरफ्तारी लोकतंत्र की गरिमा को कम करने वाली है। अगर प्रदर्शन के चलते गिरफ्तारी होने लगी तो संसद में प्रदर्शन करने वाले सांसदों की भी गिरफ्तारी हो जाएगी।" हालांकि, कोर्ट ने पुलिस की दलील मानते हुए 5 दिन की हिरासत मंजूर कर ली।
गिरफ्तार कार्यकर्ताओं के नाम
- बिहार यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव: कृष्णा हरि
- बिहार यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव: कुंदन यादव
- उत्तर प्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष: अजय कुमार
- तेलंगाना यूथ कांग्रेस के: नरसिम्हा यादव
पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने 'पीएम इज कंप्रोमाइज' के नारे लगाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनक तस्वीरों वाली टी-शर्ट पहनी हुई थी। उनके मोबाइल फोन बरामद करने और अलग-अलग राज्यों से होने के कारण हिरासत में पूछताछ जरूरी है।
प्रदर्शन का विवरण
समिट में प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट खोलकर नारेबाजी की, जिससे कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। प्रदर्शनकारी नेपाली GenZ आंदोलन से प्रेरित बताए जा रहे हैं। समिट में देश-विदेश के दिग्गज मौजूद थे, जिससे यह घटना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गई है।
कांग्रेस पर बढ़ा दबाव
इस प्रदर्शन से कांग्रेस विवादों में घिर गई है। बीजेपी कार्यकर्ता विभिन्न राज्यों में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मुद्दा बताते हुए गिरफ्तारियों का विरोध किया है।