'क्या बोलती पब्लिक' अभियान के साथ जनता के बीच उतरेगी CJP, सितंबर से देशभर का दौरा
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने देशभर में अपने संगठन का विस्तार करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट के जरिए मेंबरशिप ड्राइव शुरू करने का ऐलान किया है। संगठन ने छात्रों, युवा प्रोफेशनल्स और आम नागरिकों से इस अभियान में शामिल होकर अपनी आवाज़ को मजबूत करने की अपील की है।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने गुरुवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि संगठन का फोकस युवाओं और आम जनता से जुड़े अहम मुद्दों पर रहेगा। उन्होंने बताया कि CJP बेरोजगारी, निजी स्कूलों की बढ़ती फीस, सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और सार्वजनिक संस्थाओं पर घटते भरोसे जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाएगा।
इसके साथ ही CJP ने सितंबर में 'क्या बोलती पब्लिक' नाम से एक देशव्यापी जनसंपर्क अभियान शुरू करने की भी घोषणा की है। इस अभियान के तहत संगठन के प्रतिनिधि विभिन्न राज्यों का दौरा करेंगे और आम नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे।
अभिजीत दिपके के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य राजनीति में संवाद की संस्कृति को मजबूत करना और शिक्षा, रोजगार व युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जमीनी स्तर पर लोगों की राय जानकर उन्हें आंदोलन का हिस्सा बनाना है। संगठन का कहना है कि यह अभियान नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने और जनहित के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।