दिल्ली में फिर CJP का हल्लाबोल! बैरिकेड्स फांदकर जंतर-मंतर पहुंचे कार्यकर्ता, तिरंगा लहराया; सौरव दास समेत कई हिरासत में
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन जारी है। मंगलवार (13 अक्टूबर) सुबह पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को पार करते हुए जंतर-मंतर पहुंच गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स और गेट फांदकर प्रदर्शन स्थल में प्रवेश किया और तिरंगा लहराते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास, सह-संयोजक आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
बैरिकेड्स फांदकर जंतर-मंतर पहुंचे CJP कार्यकर्ता
दिल्ली में विरोध प्रदर्शन को लेकर बढ़ाई गई सुरक्षा के बावजूद सीजेपी कार्यकर्ता मंगलवार सुबह जंतर-मंतर पहुंचने में सफल रहे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड्स पार किए और तिरंगा लहराते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि जंतर-मंतर का सुरक्षा घेरा तोड़ दिया गया है। वहीं, मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने लिखा कि वे जंतर-मंतर में प्रवेश करने में सफल रहे हैं और अब पुलिस उन्हें हिरासत में ले रही है।
सौरव दास ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यह प्रदर्शन बताता है कि वे अपनी आवाज उठा सकते हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर लिखा, "ज्ञानू अब तुम्हारा खेल खत्म।"
जंतर-मंतर पर लहराया तिरंगा, लगे इस्तीफे के नारे
प्रदर्शन के दौरान सीजेपी कार्यकर्ताओं ने तिरंगा लहराते हुए 'इंकलाब जिंदाबाद' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने 'ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो' और 'इस्तीफा तुमको देना होगा, देना होगा वरना रोज धरना होगा' जैसे नारे भी लगाए।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद मौके पर कुछ देर गहमागहमी की स्थिति बनी रही। इसके बाद कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर वहां से हटाया गया।
अभिजीत दीपके ने शेयर की आशुतोष रांका की तस्वीर
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो साझा किए। उन्होंने आशुतोष रांका के तिरंगा लहराने का जिक्र करते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए।
साझा की गई तस्वीर में आशुतोष रांका तिरंगे के साथ नजर आ रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी उन्हें पकड़कर रोकने का प्रयास कर रहे हैं। दीपके ने प्रदर्शनकारियों की हिरासत को लेकर भी प्रतिक्रिया दी और आंदोलन जारी रखने का संकेत दिया।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी
सीजेपी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़ी कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। हालांकि, चुनाव आयोग मतदाता सूची में पक्षपात के आरोपों को खारिज कर चुका है।
इससे पहले भी दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान सीजेपी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा चुका है। वहीं, जंतर-मंतर को अधिसूचित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाए जाने के बाद वहां विरोध प्रदर्शन करने को लेकर विवाद और बढ़ गया है।