{"vars":{"id": "130921:5012"}}

महिला आरक्षण पर गरजे CM योगी आदित्यनाथ, कहा- नारी शक्ति का अपमान करने वालों को सजा देगी जनता

 

Lucknow : योगी आदित्यनाथ ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण बिल का विरोध करना “द्रौपदी के चीरहरण” जैसा है और इसे देश की आधी आबादी कभी माफ नहीं करेगी।

सीएम योगी ने कहा कि महिलाओं के मन में विपक्ष के प्रति गहरा आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, राजद, तृणमूल कांग्रेस, DMK और समाजवादी पार्टी समेत अन्य दल महिला सशक्तिकरण में बाधक बने हैं।

‘आधी आबादी माफ नहीं करेगी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित हुआ था और जब इसे लागू करने की दिशा में प्रयास तेज हुए, तब विपक्ष ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि संसद में जिस तरह का दृश्य देखने को मिला, वह “चीरहरण” जैसा था।

सीएम योगी ने कहा कि जब संविधान बनाया जा रहा था, तब धर्म के आधार पर आरक्षण की मांग को सर्वसम्मति से खारिज किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष महिलाओं की नेतृत्व क्षमता को आगे बढ़ाने में बाधा बना है और उसे आधी आबादी से माफी मांगनी चाहिए।

ट्रिपल तलाक कानून पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ट्रिपल तलाक के खिलाफ बनाए गए कानून का भी विपक्ष ने विरोध किया था। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस महिलाओं, गरीबों, युवाओं और किसानों के हित में ठोस कदम नहीं उठा सकी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उठाए जाने वाले हर कदम में एनडीए सरकार पूरी मजबूती के साथ खड़ी है।