CM योगी का जनता दर्शन: फरियादियों ने मांगी आर्थिक मदद, पुलिस अधिकारियों को पारदर्शी कार्रवाई के आदेश
CM Yogi Janta Darshan: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में जनता दर्शन आयोजित किया, जिसमें प्रदेश भर से आए लोगों की समस्याएं खुद सुनकर उनके समाधान का आश्वासन दिया। CM योगी ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं के निस्तारण पर विशेष निगरानी रखें और कार्रवाई पूरी पारदर्शिता के साथ हो।
जनता दर्शन में 42 से अधिक फरियादी पहुंचे थे। जमीनी विवाद, पुलिस मामलों, राजस्व से जुड़े कई प्रकरणों पर सीएम ने अधिकारियों को निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतें दरकिनार न हों, बल्कि प्राथमिकता के साथ निपटाई जाएं।
इसी दौरान दो पीड़ितों ने अतिरिक्त आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने तुरंत मदद का आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है। उन्होंने फरियादियों को चिकित्सा खर्च और अन्य सहायता के लिए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा, ताकि सहायता जल्द जारी की जा सके।
जनता दर्शन में मौजूद छोटे बच्चों के प्रति मुख्यमंत्री ने स्नेह दिखाया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी, हालचाल पूछा और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। कम उम्र के इन बच्चों के साथ CM योगी का अपनत्व भरा व्यवहार जनता दर्शन में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
जनता दर्शन के माध्यम से एक बार फिर मुख्यमंत्री ने यह संदेश दिया कि सरकार आम जनता के साथ है और हर पीड़ित की आवाज सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंच सकती है।