{"vars":{"id": "130921:5012"}}

दिवाली से पहले महंगी हुई कमर्शियल गैस, सिलेंडर के दाम 24.50 रुपये तक बढ़े; मिठाई और नमकीन की कीमतों पर पड़ सकता है असर
 

 

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी से त्योहार से पहले कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। अलग-अलग श्रेणियों के व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कीमतों में 2.50 रुपये से लेकर 24.50 रुपये तक की वृद्धि हुई है। हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिली है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 939.50 रुपये पर स्थिर बनी हुई है।

19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 2,824.50 रुपये का हुआ

नई दरों के अनुसार, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। पहले यह सिलेंडर 2,815 रुपये में मिलता था, जबकि अब इसकी कीमत 2,824.50 रुपये हो गई है। वहीं, 47.5 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में सबसे अधिक 24.50 रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है। इसका दाम 7,033.50 रुपये से बढ़कर 7,058 रुपये पहुंच गया है।

इसके अलावा 19 किलोग्राम नैनो कट सिलेंडर की कीमत 8.50 रुपये बढ़कर 2,995.50 रुपये हो गई है। 19 किलोग्राम एक्स्ट्रा तेज सिलेंडर अब 2,847 रुपये और 47.5 किलोग्राम एक्स्ट्रा तेज सिलेंडर 7,114 रुपये का हो गया है।

छोटे गैस सिलेंडरों की कीमतों में भी बढ़ोतरी

कमर्शियल गैस के साथ छोटे सिलेंडरों की कीमतों में भी मामूली इजाफा हुआ है। पांच किलोग्राम एफटीएल सिलेंडर के नए कनेक्शन की कीमत 1,904.50 रुपये और रिफिल की कीमत 783.50 रुपये हो गई है। इनमें 2.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

वहीं, 10 किलोग्राम एक्स्ट्रालाइट सिलेंडर के नए कनेक्शन की कीमत 4,776.50 रुपये और रिफिल की कीमत 1,590.50 रुपये हो गई है। दोनों श्रेणियों में 4.50 रुपये का इजाफा हुआ है।

त्योहार पर मिठाई और नमकीन की कीमतें बढ़ने की आशंका

दीपावली के दौरान मिठाई, नमकीन, बेकरी, होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार में कमर्शियल गैस की खपत सामान्य दिनों की तुलना में बढ़ जाती है। ऐसे समय में सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी से कारोबारियों की उत्पादन लागत बढ़ सकती है।

विशेष रूप से मिठाई और नमकीन तैयार करने वाले कारोबारियों पर इसका असर पड़ने की आशंका है। यदि बढ़ी हुई लागत का बोझ ग्राहकों पर डाला जाता है, तो त्योहार के दौरान मिठाई, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में भी इजाफा देखने को मिल सकता है।