राहुल गांधी जल्द करेंगे रामलला के दर्शन, अयोध्या दौरे पर कांग्रेस ने दिया संकेत
Lucknow : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जल्द ही अयोध्या जाकर राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर निर्माण पूर्ण होने के बाद ही दर्शन करने की राहुल गांधी की पहले से घोषित मंशा रही है।
तनुज पुनिया ने कहा कि राम मंदिर के उद्घाटन के समय राहुल गांधी ने स्वयं कहा था कि मंदिर का निर्माण अभी अधूरा है, इसलिए वे उस समय पूजा के लिए नहीं जाएंगे। राहुल गांधी का कहना था कि जब मंदिर पूरी तरह तैयार हो जाएगा, ध्वज और शिखर स्थापित होंगे और नियमित पूजा शुरू होगी, तभी वे दर्शन करेंगे। अब चूंकि मंदिर में ध्वज स्थापित हो चुका है, शिखर बन गया है और पूजा-अर्चना प्रारंभ हो चुकी है, ऐसे में मंदिर को पूर्ण माना जा सकता है। इसी कारण राहुल गांधी अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करेंगे।
भगवान राम में रखते हैं आस्था
कांग्रेस सांसद ने यह भी कहा कि राहुल गांधी भगवान श्रीराम में आस्था रखते हैं और सभी देवी-देवताओं का सम्मान करते हैं। उन्होंने बताया कि संसद में राहुल गांधी के भाषणों में भगवान राम और भगवान महादेव का उल्लेख कई बार हो चुका है, जिससे उनकी धार्मिक आस्था स्पष्ट होती है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि राहुल गांधी अपने समय और सुविधा के अनुसार ही अयोध्या जाएंगे।
प्रियंका गांधी को लेकर बयान
2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर तनुज पुनिया ने कहा कि प्रियंका गांधी एक राष्ट्रीय नेता हैं। वे केरल से सांसद हैं और उनका पारिवारिक जुड़ाव रायबरेली, अमेठी और पूरे उत्तर प्रदेश से है। ऐसे में उन्हें किसी एक राज्य तक सीमित करके देखना सही नहीं होगा।
वरुण गांधी के कांग्रेस में आने पर प्रतिक्रिया
वरुण गांधी को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में उनका पूरे दिल से स्वागत है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने वरुण गांधी को टिकट तक नहीं दिया और यदि वे कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं तो पार्टी के दरवाजे उनके लिए खुले हैं।
तनुज पुनिया के इन बयानों के बाद राहुल गांधी के संभावित अयोध्या दौरे और उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।